राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। कमला नेहरू नगर स्थित 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार से दिल्ली की ओर से अजमेर की तरफ जा रहा पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) से भरा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया। ट्रेलर सड़क की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ पर बने नाले के कवर पर चढ़ गया, जहां एक परिवार गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था।
हादसे में राजसमंद जिले के जैतपुरा निवासी चंद्रप्रकाश और उनके तीन बेटों रमेश (11), रतन (10) और दीपक (8) की मौत हो गई। तीनों बच्चों की मौके पर ही जान चली गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चंद्रप्रकाश ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी पत्नी कैलाशी गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में उनके दोनों पैर कट गए और उनका एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
गांव जाने की तैयारी थी, पलभर में उजड़ गया परिवार
बागरी समाज का यह परिवार जयपुर के वैशाली नगर में किराए के मकान में रहता था। परिवार झाड़ू बनाकर और फुटपाथ पर सामान बेचकर अपना गुजारा करता था। मंगलवार सुबह वे अपने गांव राजसमंद जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर बेकाबू होकर सीधे उन पर चढ़ गया।
पुलिस के अनुसार दंपती के कुल पांच बच्चे हैं। हादसे के समय तीन बच्चे माता-पिता के साथ थे, जबकि दो बच्चे घर पर होने के कारण सुरक्षित बच गए।
हादसा इतना भीषण कि टूट गया नाले का ढक्कन
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर की रफ्तार बेहद तेज थी। वाहन पहले सड़क की रेलिंग तोड़ता हुआ नाले के ऊपर बने फुटपाथ तक पहुंच गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 20 मीटर तक नाले का कवर टूट गया और पूरा परिवार नाले में जा गिरा। ट्रेलर के आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा रेलिंग उसमें फंस गई।
चालक और खलासी मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों और मृतकों को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में क्रेन की मदद से ट्रेलर हटाकर यातायात बहाल किया गया।
पुलिस कमिश्नर और एफएसएल टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार ट्रेलर दिल्ली हाईवे से अजमेर हाईवे की ओर जा रहा था। पुलिस फरार चालक और खलासी की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच जारी है।
स्थानीय लोगों ने उठाए सड़क सुरक्षा पर सवाल
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि इस पुल और बाईपास पर अक्सर वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। कई बार लोग रॉन्ग साइड से भी आते-जाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।