बेकाबू ट्रेलर ने 5 लोगों को कुचला... 3 मासूमों की मौत, माता-पिता गंभीर घायल
जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रेलर रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ के पास बैठे एक परिवार पर चढ़ गया।
जयपुर ट्रेलर हादसा
09:30 AM मामले की जांच जारी
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।
09:22 AM फुटपाथ पर बैठे परिवार का सामान सड़क पर बिखरा
हादसे के बाद मौके पर परिवार का गुब्बारे और अन्य सामान सड़क पर बिखरा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार बागरिया समाज से है और चौराहे पर गुब्बारे व अन्य सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था।
09:19 AM पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर हटवाया
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
09:05 AM चालक और खलासी मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक और उसका खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
08:50 AM पुलिस और स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
08:46 AM रेलिंग तोड़कर फुटपाथ पर चढ़ा ट्रेलर, 5 लोग चपेट में
श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे बने नाले के कवर पर चढ़ गया। वहां मौजूद एक परिवार के पांच लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
राजधानी जयपुर के श्याम नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क की लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए फुटपाथ के पास नाले के कवर पर बैठे एक परिवार पर चढ़ गया। हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 8:46 बजे हुआ। ट्रेलर की टक्कर इतनी भीषण थी कि नाले का ढक्कन टूट गया और परिवार के सभी सदस्य नाले में जा गिरे। हादसे के बाद चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों और मृतकों को नाले से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।