राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस-ट्रेलर अग्निकांड में आठ लोगों की मौत के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे के दौरान वे हादसा स्थल का जायजा लेने के साथ-साथ एक्सप्रेसवे की सुरक्षा, निर्माण कार्य और मेंटेनेंस व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।
दोपहर में दौसा पहुंचेंगे गडकरी
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (पीडी) गजेंद्र सिंह के अनुसार, केंद्रीय मंत्री दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए कोटा और रतलाम की ओर रवाना होंगे। उनका काफिला दोपहर करीब 2 बजे दौसा जिले से गुजरेगा। इस दौरान वे बस अग्निकांड वाले स्थान का निरीक्षण कर सकते हैं।
सुरक्षा और निर्माण कार्य की होगी समीक्षा
दौरे के दौरान गडकरी एक्सप्रेसवे के मेंटेनेंस, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। इसके अलावा कोटा स्थित मुकुंदरा हिल्स की दरा टनल का भी निरीक्षण प्रस्तावित है। इसके बाद वे मध्य प्रदेश और गुजरात में भी एक्सप्रेसवे से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे।
NHAI ने शुरू की तैयारियां
केंद्रीय मंत्री के प्रस्तावित दौरे की सूचना मिलते ही NHAI और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अधिकारियों ने निरीक्षण को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है।
बस अग्निकांड के बाद उठे थे कई सवाल
हाल ही में दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक स्लीपर बस और ट्रेलर की टक्कर के बाद भीषण आग लग गई थी, जिसमें 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे की सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली और निर्माण गुणवत्ता को लेकर कई सवाल खड़े हुए थे। ऐसे में गडकरी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।