दौसा बस अग्निकांड के बाद एक्शन में नितिन गडकरी, 8 जुलाई को करेंगे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का निरीक्षण
दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए बस-ट्रेलर अग्निकांड में 8 लोगों की मौत के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे।
राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस-ट्रेलर अग्निकांड में आठ लोगों की मौत के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 8 जुलाई को एक्सप्रेसवे का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे के दौरान वे हादसा स्थल का जायजा लेने के साथ-साथ एक्सप्रेसवे की सुरक्षा, निर्माण कार्य और मेंटेनेंस व्यवस्थाओं की समीक्षा भी करेंगे।
दोपहर में दौसा पहुंचेंगे गडकरी
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक (पीडी) गजेंद्र सिंह के अनुसार, केंद्रीय मंत्री दिल्ली से सड़क मार्ग के जरिए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे होते हुए कोटा और रतलाम की ओर रवाना होंगे। उनका काफिला दोपहर करीब 2 बजे दौसा जिले से गुजरेगा। इस दौरान वे बस अग्निकांड वाले स्थान का निरीक्षण कर सकते हैं।
सुरक्षा और निर्माण कार्य की होगी समीक्षा
दौरे के दौरान गडकरी एक्सप्रेसवे के मेंटेनेंस, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेंगे। इसके अलावा कोटा स्थित मुकुंदरा हिल्स की दरा टनल का भी निरीक्षण प्रस्तावित है। इसके बाद वे मध्य प्रदेश और गुजरात में भी एक्सप्रेसवे से जुड़े कार्यों की समीक्षा करेंगे।