राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ₹1.06 लाख करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने प्रदेश के सबसे बड़े ड्रीम प्रोजेक्ट पचपदरा रिफाइनरी को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संकीर्णता और क्रेडिट लेने की राजनीति के कारण इस परियोजना को पांच वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाल दिया गया, जिसके चलते इसकी लागत करीब ₹37 हजार करोड़ से बढ़कर लगभग ₹80 हजार करोड़ तक पहुंच गई।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार परियोजनाओं को केवल शिलान्यास तक सीमित नहीं रखती, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करने का काम करती है। उन्होंने कहा कि मरुधरा का विकास देश की प्रगति का अहम आधार है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पचपदरा रिफाइनरी एक बड़ा कदम साबित होगी।

रिफाइनरी से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि देश को समर्पित की गई यह रिफाइनरी राजस्थान में हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। उन्होंने विशेष रूप से प्रदेश के युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह परियोजना आने वाले वर्षों में औद्योगिक विकास और निवेश का बड़ा केंद्र बनेगी।

विकास परियोजनाओं की दी सौगात

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि जोधपुर में नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन किया गया है, जिससे मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी। उन्होंने उड़ान योजना के नए चरण की शुरुआत, जयपुर मेट्रो के विस्तार, शेखावाटी क्षेत्र के लिए नई जल परियोजना और करीब 54 हजार युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र मिलने का भी उल्लेख किया।

ऊर्जा संकट पर सरकार की रणनीति गिनाई

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में युद्ध के कारण पैदा हुए वैश्विक ऊर्जा संकट का जिक्र करते हुए कहा कि भारत ने समय रहते सही फैसले लेकर इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि संकट के दौरान भारत ने 25-26 देशों के बजाय 40 से अधिक देशों से ईंधन आयात किया और अपनी कूटनीतिक ताकत का प्रभावी इस्तेमाल किया।

उन्होंने बताया कि अप्रैल से जून के बीच पेट्रोल और डीजल पर सरकारी कंपनियों को ₹75 हजार करोड़ से अधिक का घाटा उठाना पड़ा, जबकि केंद्र सरकार ने जनता पर बोझ कम करने के लिए प्रति लीटर ₹10 एक्साइज ड्यूटी भी घटाई।

अफवाह फैलाने वालों पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि संकट के दौरान कुछ लोगों ने अफवाहें फैलाकर देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की, लेकिन सरकार की रणनीति और देशवासियों के सहयोग से ईंधन आपूर्ति पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने भारत की असफलता की भविष्यवाणी की थी, वे आज निराश हैं।

शेखावाटी को मिलेगा नर्मदा नहीं, हथिनीकुंड का पानी

प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि राजस्थान और हरियाणा सरकार के बीच हुए समझौते के तहत हथिनीकुंड बैराज से अंडरग्राउंड पाइपलाइन के जरिए पानी शेखावाटी क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। इससे सीकर, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों के जल संकट को दूर करने में मदद मिलेगी।

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान में लगाया खेजड़ी का पौधा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत खेजड़ी का पौधा भी लगाया। उन्होंने कहा कि खेजड़ी राजस्थान की पहचान है और रेगिस्तान के विस्तार को रोकने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी सरकार की प्राथमिकता है।