राजधानी जयपुर में ऑफलाइन बाइक राइड बुक कर राइडर से लूट का मामला सामने आया है। बदमाश ग्राहक बनकर पहले राइड बुक कर गांधी नगर रेलवे स्टेशन से राइडर को करीब 15 किलोमीटर दूर ले गए। इसके बाद सुनसान जगह पर पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर राइडर से मारपीट की और उसकी बाइक, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

गांधी नगर रेलवे स्टेशन से बुक की थी राइड

हेड कॉन्स्टेबल हरि सिंह के अनुसार, पीड़ित सचिन मीना (20) दौसा जिले के महवा का रहने वाला है और बाइक राइडर का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि रात करीब 12 बजे गांधी नगर रेलवे स्टेशन से एक युवक ने ऑफलाइन राइड बुक की।

राइड के दौरान वह युवक सचिन को जेएनयू अस्पताल के पास तक लेकर गया। अस्पताल से कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर उसके दो साथी पहले से मौजूद थे।

मारपीट कर बाइक, मोबाइल और नकदी लूटी

सुनसान जगह पहुंचते ही ग्राहक बने युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन के साथ मारपीट की। इसके बाद बदमाश उसकी जेब में रखे 5 हजार रुपए, मोबाइल फोन और बाइक छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित किसी तरह खोह नागोरियान थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।