कोटा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जून के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भारतीय जनता पार्टी और कुछ छात्र संगठनों ने इस कार्यक्रम का विरोध शुरू कर दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 21 जून को होने वाली NEET री-एग्जाम से ठीक पहले इस तरह के राजनीतिक कार्यक्रम छात्रों की पढ़ाई और मानसिक एकाग्रता को प्रभावित कर सकते हैं।
इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को भाजपा किसान मोर्चा के नेतृत्व में कोटा के राजीव गांधी नगर में विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा के सामने हाथों में आईने लेकर प्रदर्शन किया और प्रतिमा को आईना दिखाया। साथ ही एक शिकायत पत्र भी प्रतिमा के आधार स्थल पर चिपकाया गया।
प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राकेश नायक के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर छात्रों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब राजस्थान में कांग्रेस सरकार के दौरान विभिन्न भर्ती परीक्षाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए, तब राहुल गांधी ने युवाओं और छात्रों के हित में कोई आवाज नहीं उठाई।
राकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मामले सामने आए थे, लेकिन उस समय राहुल गांधी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब भाजपा सरकार में पुराने मामलों की जांच चल रही है और पेपर लीक की घटनाओं पर अंकुश लगा है, तब कांग्रेस छात्र हितों की बात कर रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि NEET री-एग्जाम पहले ही एक बार स्थगित हो चुका है और छात्र दोबारा परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं। ऐसे समय में बड़े राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना छात्रों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि कोई बेटा गलती करता है तो उसकी शिकायत पिता से की जाती है। इसी प्रतीकात्मक संदेश के तहत उन्होंने राजीव गांधी की प्रतिमा को शिकायत पत्र सौंपा और राहुल गांधी को "सद्बुद्धि" देने की प्रार्थना की।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। कांग्रेस जहां इसे छात्रों और युवाओं से संवाद का कार्यक्रम बता रही है, वहीं भाजपा इसे परीक्षा के समय छात्रों को प्रभावित करने की कोशिश करार दे रही है।
फिलहाल कोटा में राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन का दौर जारी है।