सवाईमाधोपुर जिले के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वजीरपुर उपखंड के गांव खंडीप में पांचना बांध से नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर चल रहा किसान महापंचायत का अनिश्चितकालीन धरना लगातार उग्र होता जा रहा है। आंदोलन के 12वें दिन मंगलवार को बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन तेज कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने एक बार फिर दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक जाम लगा दिया। ग्रामीण रेलवे पटरी पर बैठ गए और सामूहिक रूप से पंगत लगाकर भोजन किया। इस दौरान कई युवाओं ने किसान एकता के समर्थन में नारेबाजी की, जबकि कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर लेटकर भी विरोध जताते नजर आए।

मौके पर पुलिस और प्रशासन पहले से तैनात था, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने रेलवे फाटक बंद नहीं होने दिया और ट्रैक पर ही आंदोलन जारी रखा। करीब एक घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी, जिसके बाद वे ट्रैक से हट गए। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं आई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दोपहर करीब 3:15 बजे ट्रेन के आगमन से पहले रेलवे फाटक बंद कर यातायात को सुचारू किया गया और ट्रेन को बिना किसी रुकावट के निकाला गया। इससे पहले सोमवार को भी प्रदर्शन के दौरान अवध एक्सप्रेस को बीच मार्ग में रोकना पड़ा था।

धरने पर बैठे किसानों का कहना है कि खरीफ फसलों की बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन अभी तक नहरों में सिंचाई के लिए पानी नहीं छोड़ा गया है। किसानों ने आरोप लगाया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के बावजूद प्रशासन द्वारा पानी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में गहरा असंतोष है।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पांचना बांध से नहरों में पानी नहीं छोड़ा गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक किया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। फिलहाल खंडीप में चल रहा यह आंदोलन लगातार 12वें दिन भी जारी है और आसपास के गांवों से समर्थन बढ़ता जा रहा है।