जयपुर में ऑफलाइन राइड बुक कर राइडर से लूट: 15 KM दूर ले जाकर बदमाशों ने बाइक, मोबाइल और नकदी छीनी
जयपुर में बदमाशों ने ऑफलाइन बाइक राइड बुक कर एक राइडर को 15 किलोमीटर दूर सुनसान इलाके में बुलाया।
राजधानी जयपुर में ऑफलाइन बाइक राइड बुक कर राइडर से लूट का मामला सामने आया है। बदमाश ग्राहक बनकर पहले राइड बुक कर गांधी नगर रेलवे स्टेशन से राइडर को करीब 15 किलोमीटर दूर ले गए। इसके बाद सुनसान जगह पर पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर राइडर से मारपीट की और उसकी बाइक, मोबाइल फोन तथा नकदी लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर खोह नागोरियान थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
गांधी नगर रेलवे स्टेशन से बुक की थी राइड
हेड कॉन्स्टेबल हरि सिंह के अनुसार, पीड़ित सचिन मीना (20) दौसा जिले के महवा का रहने वाला है और बाइक राइडर का काम करता है। शिकायत में उसने बताया कि रात करीब 12 बजे गांधी नगर रेलवे स्टेशन से एक युवक ने ऑफलाइन राइड बुक की।