SMS अस्पताल का बड़ा कारनामा: 7 घंटे में 11 मरीजों की सफल ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी
जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में ऑर्थोपेडिक सर्जरी विभाग की टीम ने एक ही दिन में 11 मरीजों की ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी कर नया रिकॉर्ड बनाया।
जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जरी विभाग की यूनिट-2 ने एक ही दिन में 11 मरीजों की ज्वाइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी सफलतापूर्वक कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इनमें 8 घुटना प्रत्यारोपण (Knee Replacement) और 3 हिप रिप्लेसमेंट (Hip Replacement) सर्जरी शामिल थीं।
यह सभी सर्जरी 19 जून को यूनिट-2 के प्रमुख डॉ. पंकज जैन के नेतृत्व में की गईं। सुबह 8 बजे शुरू हुआ ऑपरेशन का सिलसिला दोपहर 3 बजे तक लगातार चला। इस दौरान ऑर्थोपेडिक विभाग की पूरी टीम ऑपरेशन थिएटर में मौजूद रही और सभी मरीजों की सफल सर्जरी की गई।
सर्जिकल टीम में डॉ. राजकुमार हर्षवाल, डॉ. अमित जैन, डॉ. हीरा लाल धवन, डॉ. मुकेश असवाल और डॉ. बृजेश सांखला ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं एनेस्थीसिया टीम में डॉ. श्रीफल मीणा, डॉ. ममता खंडेलवाल और डॉ. बी.सी. जैन शामिल रहे।