अजमेर में चलती ट्रेन से मोबाइल लूट: युवक ने चेन पुलिंग कर लगाई छलांग, पीछा कर महिला-पुरुष को दबोचा
राजस्थान के अजमेर में चलती ट्रेन में मोबाइल लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई।
राजस्थान के अजमेर में चलती ट्रेन में मोबाइल लूट का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन में सफर कर रहे एक युवक का मोबाइल बदमाशों ने अनोखे तरीके से लूट लिया। हालांकि, युवक ने हिम्मत दिखाते हुए चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई, चलती ट्रेन से छलांग लगाई और घायल होने के बावजूद आरोपियों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे अलवर गेट थाना क्षेत्र के रेलवे ट्रैक के पास हुई। बाद में आरोपियों को स्थानीय लोगों की मदद से राजा सर्कल स्थित जीसीए-1 ब्रिज के पास पकड़ लिया गया।
पानी की बोतल फेंककर गिराया मोबाइल
दौसा निवासी पीड़ित दीपक ने बताया कि वह अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन से अजमेर से जयपुर जा रहा था। सफर के दौरान वह कोच के गेट पर खड़े होकर मोबाइल में लाइव लोकेशन देख रहा था। तभी रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े बदमाशों ने उसके ऊपर पानी की बोतल फेंक दी।