राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए पाकिस्तानी आतंकी और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हनुमानगढ़ टाउन निवासी 20 वर्षीय क्रिश राय उर्फ शान के रूप में हुई है। पुलिस का आरोप है कि वह लंबे समय से व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से शहजाद भट्टी से संपर्क में था और उसे पुलिस से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भेज रहा था।
हनुमानगढ़ के एसपी नरेंद्र मीना ने बताया कि 24 जून को आरोपी की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद एजीटीएफ, डीएसटी, साइबर सेल और टाउन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल फोन की प्रारंभिक जांच में कई अहम डिजिटल साक्ष्य मिले हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हनुमानगढ़ टाउन थाना और रायसिंहनगर थाना क्षेत्र की लोकेशन, फोटो और वीडियो बनाकर शहजाद भट्टी को भेजे थे। इसके अलावा उसने आतंकी के हथियारों से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य सामग्री भी अपने अकाउंट से साझा की थी। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी का संपर्क केवल सोशल मीडिया तक सीमित था या वह किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा था।
एसपी के मुताबिक, आरोपी मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार पिछले करीब 30 वर्षों से हनुमानगढ़ में निवास कर रहा है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल डेटा की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क रखने के आरोप में दो अन्य युवकों—जसवंत कुमार उर्फ सोनू और सुनील कुमार उर्फ धोलू—को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि कुछ महीने पहले अंबाला में आरडीएक्स बरामदगी के मामले में हनुमानगढ़ तक आईईडी पहुंचने की आशंका भी सामने आई थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जिले में संभावित स्लीपर सेल और संदिग्ध सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी थी। लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई हैं।