बिहार के इस गांव में पहली बार बनेगा डॉक्टर, NEET UG 2026 में AIR-4 लाकर आयुष ने रचा इतिहास
बिहार के नवादा जिले के वरीसालीगंज निवासी 18 वर्षीय आयुष भालोटिया ने NEET UG 2026 में 720 में से 710 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक-4 प्राप्त की है।
बिहार के नवादा जिले के छोटे से कस्बे वरीसालीगंज के लिए NEET UG 2026 का रिजल्ट किसी त्योहार से कम नहीं रहा। यहां के 18 वर्षीय आयुष भालोटिया ने 720 में से 710 अंक हासिल कर ऑल इंडिया रैंक (AIR) 4 प्राप्त की है। आयुष की इस शानदार उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरे इलाके को गर्व से भर दिया है।
परिवार का दावा है कि आयुष अपने गांव के पहले डॉक्टर बनने जा रहे हैं। यही वजह है कि रिजल्ट घोषित होने के बाद से घर पर लगातार लोगों का आना-जाना लगा हुआ है। रिश्तेदार, पड़ोसी और गांव के लोग मिठाइयां बांटकर इस सफलता का जश्न मना रहे हैं।
आयुष बचपन से ही डॉक्टर बनने का सपना देखते थे। उनके लिए यह केवल एक करियर नहीं, बल्कि समाज की सेवा करने का माध्यम था। उन्होंने शुरू से ही पढ़ाई पर पूरा ध्यान दिया और लगातार मेहनत करते रहे।