"मैदान पर 'सीरियस' रहने वाले इस बल्लेबाज को कौन हंसाता है? साथी खिलाड़ी ने खोल दिया राज!"
युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ अपनी शानदार बैटिंग पार्टनरशिप और बॉन्डिंग का राज खोला है। जानें कैसे अभिषेक मैदान पर ईशान का दबाव कम करते हैं और उन्हें रिलैक्स फील करवाते हैं।



क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के बीच की केमिस्ट्री और साझेदारियां अक्सर फैंस का ध्यान खींचती हैं। हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भारतीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा से ईशान किशन के साथ उनकी शानदार 'जुगलबंदी' को लेकर सवाल पूछा गया। एक रिपोर्टर ने पूछा कि जब भी दोनों एक साथ बैटिंग करते हैं, तो हमेशा मुस्कुराते हुए क्यों नजर आते हैं? इस पर अभिषेक ने ईशान के स्वभाव को लेकर एक बेहद दिलचस्प खुलासा किया।
'ईशान को अपने ज़ोन में रहना पसंद है'
अभिषेक ने रिपोर्टर को जवाब देते हुए साफ किया कि असल में ईशान बल्लेबाजी के दौरान इतनी आसानी से नहीं मुस्कुराते हैं। बल्कि यह अभिषेक ही हैं जो उन्हें हंसाने की कोशिश करते हैं।
अभिषेक ने कहा, "नहीं सर, पहली बात तो यह कि ईशान बैटिंग के दौरान इतनी जल्दी नहीं हंसता है। मुझे उसे हंसाना पड़ता है और थोड़ा रिलैक्स करना पड़ता है। ऐसा इसलिए क्योंकि जब वह बल्लेबाजी करने आता है, तो उसे अपने ही 'ज़ोन' में रहना पसंद होता है।"
IPL से ही मजबूत है दोनों की बॉन्डिंग
दोनों खिलाड़ियों की आपसी समझ और तालमेल पर बात करते हुए अभिषेक ने बताया कि उनकी यह बॉन्डिंग काफी पुरानी और मजबूत है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हमारी बॉन्डिंग बहुत अच्छी है। हमने एक साथ कई बेहतरीन साझेदारियां की हैं। आईपीएल (IPL) में भी हमने साथ में काफी बल्लेबाजी की है, इसलिए हम एक-दूसरे के गेम को काफी अच्छी तरह समझते हैं।"
शुरुआती गेंदों का दबाव कम करने की लेते हैं जिम्मेदारी
अभिषेक ने अपनी बैटिंग अप्रोच के बारे में बात करते हुए बताया कि जब भी विकेट गिरता है और ईशान क्रीज पर आते हैं, तो वह साथी खिलाड़ी पर से दबाव कम करने की जिम्मेदारी अपने कंधों पर लेते हैं।
उन्होंने आगे कहा, "जब भी हम मैदान पर जाते हैं, या विकेट गिरने के बाद ईशान बैटिंग के लिए आता है, तो जाहिर तौर पर शुरुआती दो-चार गेंदों पर उस पर थोड़ा दबाव होता है। मेरी हमेशा यही कोशिश रहती है कि मैं उसे उस दबाव से बाहर निकालूं ताकि वह अपना नैचुरल गेम खेल सके, जैसा वह हमेशा खेलता है।"
पिच से ज्यादा एक-दूसरे की बैटिंग का लेते हैं आनंद
अभिषेक ने ईशान की हालिया फॉर्म की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले एक साल में ईशान ने शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि मैदान पर दोनों पिच या बाहरी परिस्थितियों के बारे में ज्यादा बात नहीं करते। वे बस एक-दूसरे की बल्लेबाजी का आनंद लेते हैं और एक-दूसरे के खेल को निखारने (Compliment) का काम करते हैं।













































