'बायोलॉजी वाले सर' क्लास में खीरा और कंडोम लेकर पहुंचे , छिड़ी नई बहस
बिहार के पूर्णिया में जीव विज्ञान (Biology) के शिक्षक चंदन कुमार ने क्लासरूम में खीरे और कंडोम का उपयोग कर छात्रों को प्रजनन स्वास्थ्य और गर्भनिरोधक के बारे में पढ़ाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सेक्स एजुकेशन को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है।
भारत में आज भी 'सेक्स' या 'सेक्स एजुकेशन' (Sex Education) जैसे विषयों पर खुलकर बात करना एक बहुत बड़ा टैबू (Taboo) माना जाता है। लेकिन, हाल ही में बिहार से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सोशल मीडिया पर सेक्स एजुकेशन को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है। बिहार के पूर्णिया जिले के एक जीव विज्ञान (Biology) के शिक्षक का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह क्लासरूम के भीतर छात्रों को खीरे और कंडोम की मदद से प्रजनन स्वास्थ्य (Reproductive health) और गर्भनिरोधक (Birth control) के बारे में जागरूक करते नजर आ रहे हैं।
कौन हैं वायरल हो रहे यह शिक्षक?
इस अनोखे और बोल्ड तरीके से पढ़ाने वाले शिक्षक का नाम चंदन कुमार है। चंदन बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले हैं और इंटरनेट पर "बायोलॉजी और इंजेक्शन वाले टीचर" के नाम से काफी मशहूर हैं। वह अक्सर अपनी कोचिंग क्लासेस के छोटे-छोटे वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। हाल ही में उन्होंने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह क्लास में बच्चों को एक खीरे और कंडोम का इस्तेमाल करके दिखा रहे हैं कि कंडोम को कैसे पहना जाता है और यह सुरक्षित यौन संबंध के लिए कैसे काम करता है।