48 घंटे तक बदला लोकेशन... फिर दिल्ली में धराए BJP प्रत्याशी! अपहरण था या कुछ और? पुलिस के खुलासे पर बवाल
राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ से 1 सितंबर को लापता हुए प्रागपुरा नगर पालिका के भाजपा पार्षद प्रत्याशी बुधराम चौधरी को पुलिस ने दिल्ली के धौला कुआं से दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने अपहरण से इनकार किया है, जबकि परिजनों ने जांच पर सवाल उठाए हैं।
राजस्थान निकाय चुनाव के बीच कोटपूतली-बहरोड़ जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से 1 सितंबर से लापता भाजपा पार्षद प्रत्याशी बुधराम चौधरी को पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला है। उन्हें दिल्ली के धौला कुआं इलाके से दस्तयाब किया गया है। हालांकि, पुलिस इसे 'अपनी मर्जी से जाना' बता रही है, लेकिन परिवार ने पुलिस की इस जांच पर गहरे संदेह जताए हैं।
लगातार लोकेशन बदल रहे थे प्रत्याशी, अपहरण की पुष्टि नहीं
प्रागपुरा थाना प्रभारी (SHO) भजनाराम के मुताबिक, गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 अलग-अलग टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की मदद से तलाश शुरू की। जांच में सामने आया कि लापता होने के बाद से ही बुधराम चौधरी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे। उनकी लोकेशन कभी बहरोड़, कभी कोटपूतली, कभी अलवर तो कभी दिल्ली ट्रेस हुई। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि शुरुआती जांच में किसी भी प्रकार के अपहरण या दबाव का मामला सामने नहीं आया है। फिलहाल प्रत्याशी को सकुशल बरामद कर लिया गया है, हालांकि उनका स्वास्थ्य थोड़ा नासाज बताया जा रहा है।