परिचित ने महिला को नशीली चाय पिलाकर बनाया बंधक, कई दिनों तक किया रेप; जेवर और मोबाइल भी हड़पे
अजमेर में एक परिचित युवक पर महिला को बस स्टैंड बुलाकर नशीली चाय पिलाने, कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और उसके सोने-चांदी के जेवर व मोबाइल हड़पने का आरोप लगा है। पीड़िता किसी तरह पड़ोसी की मदद से भागकर परिजनों तक पहुंची। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला जांच के लिए अजमेर पुलिस को सौंप दिया है।



अजमेर। राजस्थान के अजमेर से महिला को बहला-फुसलाकर नशीला पदार्थ पिलाने, कई दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और उसके जेवर व मोबाइल हड़पने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में घटना की शुरुआत अजमेर बस स्टैंड क्षेत्र से होने की पुष्टि होने पर मामला आगे की जांच के लिए अजमेर पुलिस को भेज दिया गया है।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि उसका परिचित युवक उसे फोन कर अजमेर बस स्टैंड बुलाकर ले गया। वहां आरोपी ने उसे चाय पिलाई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था। चाय पीने के बाद महिला अचेत हो गई। जब उसे होश आया तो वह फलोदी में थी।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार दुष्कर्म किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोपी ने उसके पहने हुए सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए।
इसके बाद आरोपी महिला को जोधपुर होते हुए अहमदाबाद के पास एक गांव में ले गया। वहां एक कमरे में कई दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी रोज उसके साथ जबरन दुष्कर्म करता था और विरोध करने पर मारपीट करता था। आरोपी कमरे को बाहर से बंद कर काम पर चला जाता था, जिससे महिला बाहर नहीं निकल पाती थी।
पीड़िता ने बताया कि एक दिन मौका मिलने पर उसने पड़ोस में रहने वाली एक युवती से मदद मांगी। युवती की सहायता से वह कमरे से बाहर निकलने में सफल रही और अहमदाबाद बस स्टैंड पहुंची। वहां एक बस चालक की मदद से उसने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उसे सुरक्षित वापस गांव लेकर आए।
गांव लौटने के बाद पीड़िता ने पूरी घटना अपने परिवार को बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न धाराओं में जीरो एफआईआर दर्ज की। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल अजमेर बस स्टैंड क्षेत्र होने के कारण केस को आगे की कार्रवाई और जांच के लिए अजमेर पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की तलाश के साथ घटनाक्रम की सभी कड़ियों की पड़ताल की जा रही है।









































