शराब पीकर गरबा में युवतियों से कर रहा था छेड़खानी, सादा कपड़ों में आई 'कालिका' ने सिखाया सबक
जयपुर में गरबा और डांडिया आयोजनों के दौरान महिलाओं की सुरक्षा के लिए राजस्थान पुलिस का 'शक्ति सुरक्षा अभियान' जारी है। विद्याधर नगर में महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने वाले एक मनचले को गिरफ्तार किया गया है।



शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर राजधानी जयपुर में जगह-जगह गरबा और डांडिया की धूम है। इन आयोजनों में महिलाओं और बालिकाओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी बीच असामाजिक तत्वों और मनचलों पर नकेल कसने के लिए राजस्थान पुलिस ने अपना 'शक्ति सुरक्षा अभियान' (Shakti Suraksha Abhiyan) तेज कर दिया है। पुलिस की 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' पंडालों में नीली और सादी वर्दी में तैनात है और डिकॉय ऑपरेशन (Decoy Operation) के जरिए मनचलों को सलाखों के पीछे भेज रही है।
विद्याधर नगर स्टेडियम में मनचले पर गिरी गाज
पुलिस की इस विशेष निगरानी का असर जयपुर के विद्याधर नगर स्टेडियम में आयोजित गरबा कार्यक्रम में देखने को मिला। डीसीपी (सुपरविजन अधिकारी) अनुष्ठा कालिया के अनुसार, यहां 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' की महिला पुलिसकर्मी (लक्ष्मी, शर्मिला, अनीता, राकेश और रचना) सादी वर्दी में तैनात थीं। इसी दौरान उन्होंने देखा कि एक युवक पंडाल में आने वाली युवतियों और महिलाओं का पीछा कर रहा है और उन पर लगातार अभद्र टिप्पणियां कर रहा है।

जब सादी वर्दी में मौजूद पुलिस टीम ने युवक को रोककर समझाइश देने की कोशिश की, तो वह उग्र हो गया और पुलिसकर्मियों पर ही जोर-जोर से चिल्लाने लगा। हालात बिगड़ते देख टीम ने तुरंत 112 पीसीआर वैन बुलाई और उसे थाने ले गई। थाने में भी उसने ड्यूटी ऑफिसर के सामने जमकर हंगामा किया। ब्रेथ एनालाइजर से जांच करने पर पता चला कि युवक नशे में धुत था।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय स्वामी (18 वर्ष, निवासी जेपी कॉलोनी सेक्टर-1, शास्त्री नगर) को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 (1) के तहत गिरफ्तार कर लिया है।
सादी और नीली वर्दी में 'कालिका' की पैनी नजर
महानिदेशक पुलिस के निर्देशों और अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (ADGP) श्रीमती लता मनोज कुमार के मार्गदर्शन में शहर के सभी प्रमुख गरबा स्थलों को चिन्हित कर लिया गया है।
प्रवेश और निकास द्वार: पार्किंग और रास्तों पर नीली वर्दी में 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' का कड़ा पहरा है।
भीड़भाड़ वाले इलाके: संवेदनशील जगहों पर सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है जो आम जनता के बीच रहकर डिकॉय ऑपरेशन चला रही हैं और असामाजिक तत्वों की हर हरकत को रिकॉर्ड कर रही हैं।
सुरक्षा को लेकर पुलिस की खास अपील और हेल्पलाइन नंबर्स
सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ पुलिस महिलाओं को जागरूक भी कर रही है। पंडालों में मौजूद पुलिस टीमें महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, इमरजेंसी नंबर 112 और राजकॉप सिटीजन एप (Rajcop Citizen App) के इस्तेमाल की जानकारी दे रही हैं।
डीसीपी अनुष्ठा कालिया ने सभी महिलाओं और बालिकाओं से एक विशेष अपील की है। उन्होंने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति के लिए अपने मोबाइल में 'निर्भया हेल्पलाइन' के इन 5 नंबरों को तुरंत सेव करें:
Nirbhaya 1: 8764866090
Nirbhaya 2: 8764866091
Nirbhaya 3: 8764866092
Nirbhaya 4: 8764866093
Nirbhaya 5: 8764866094
पुलिस का स्पष्ट संदेश
जयपुर पुलिस ने मनचलों को साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक आयोजनों में महिलाओं से किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार या छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी अप्रिय स्थिति में पीड़ित महिलाएं निर्भया हेल्पलाइन नंबर्स पर लिखित, ऑडियो, वीडियो या लोकेशन भेजकर 24 घंटे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं।













































