हाथों की मेहंदी बनी आखिरी गवाही... छिंदवाड़ा में महिला ने ससुराल पर प्रताड़ना के आरोप लिखकर दी जान
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 32 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर अपने हाथों पर मेहंदी से आरोप लिखे और जहरीला पदार्थ पी लिया।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय महिला ने कथित तौर पर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर अपने हाथों पर मेहंदी से आरोप लिखे और इसके बाद जहरीला पदार्थ पी लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
हाथों पर मेहंदी से लिखे गंभीर आरोप
मामला जिले के चौरई थाना क्षेत्र के चन्हैना खुर्द गांव का है। मृतका की पहचान प्रीति वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले प्रीति ने अपनी हथेलियों और हाथों पर मेहंदी से कई बातें लिखीं। इनमें उन्होंने कथित तौर पर ससुराल पक्ष के लोगों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के आरोप लगाए।
महिला ने यह भी लिखा कि उसके मोबाइल फोन में कथित तौर पर कुछ रिकॉर्डिंग मौजूद हैं और मामले की जांच में उन्हें देखा जाए। साथ ही उसने अपने अंतिम संदेश में कुछ लोगों के नाम भी लिखे।