बेटी की शादी बचाने के नाम पर ढोंगी तांत्रिक का खेल! 'खून की उल्टी' का डर दिखाकर 43 ग्राम सोना और ₹1.3 लाख लेकर फरार
बेंगलुरु में एक ढोंगी तांत्रिक ने बेटी की वैवाहिक समस्याएं दूर करने का झांसा देकर 37 वर्षीय महिला से 43 ग्राम सोना और 1.3 लाख रुपये ठग लिए।
Bengaluru Fake Tantrik Fraud: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से अंधविश्वास और ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ढोंगी तांत्रिक ने बेटी की वैवाहिक परेशानियां दूर करने का झांसा देकर 37 वर्षीय महिला से 43 ग्राम सोना और 1.3 लाख रुपये नकद ठग लिए। आरोपी ने 'विशेष पूजा' के नाम पर ऐसा भय पैदा किया कि महिला दो दिन तक उस पोटली को छूने की हिम्मत नहीं जुटा सकी, जिसमें उसके गहने और नकदी रखे गए थे।
पड़ोसी के जरिए हुई तांत्रिक से मुलाकात
पुलिस के अनुसार, महिला की छोटी बेटी के ससुराल में विवाद चल रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी दौरान एक पड़ोसी ने उसकी मुलाकात 'शिवकाली उर्फ नितिन' नाम के कथित तांत्रिक से करवाई। पड़ोसी ने दावा किया कि नितिन तंत्र-मंत्र के जरिए पारिवारिक समस्याओं का समाधान कर सकता है।
'काला जादू' का डर दिखाकर रची साजिश
आरोपी ने महिला को विश्वास दिलाया कि उसकी बेटी पर काला जादू किया गया है और उसकी जान खतरे में है। उसने इस संकट को दूर करने के लिए घर पर विशेष पूजा करने की बात कही और शर्त रखी कि पूजा के दौरान घर में कोई तीसरा व्यक्ति मौजूद नहीं रहेगा।