पल भर में खत्म हुआ उड़ान का सपना: ट्रेनिंग पर निकले विमान का भयानक क्रैश, गुरु-शिष्य दोनों ने तोड़ा दम
कानपुर के गंगा बैराज के पास गुरुवार सुबह गर्ग एविएशन का एक 4-सीटर ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। हादसे में 3000 घंटे की उड़ान का अनुभव रखने वाले पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई। DGCA करेगी जांच।
गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक बड़ा विमान हादसा हो गया। शहर के गंगा बैराज के पास ग्वालटोली थाना क्षेत्र के कटरी इलाके (नत्थापुरवा गांव) में एक चार सीटर ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस भयानक हादसे में विमान उड़ा रहे अनुभवी इंस्ट्रक्टर और एक ट्रेनी पायलट की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह विमान कानपुर के चकेरी स्थित 'गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी' का था।
100 फीट की ऊंचाई पर बिगड़ा संतुलन, तेज धमाके के साथ गिरा विमान
चश्मदीदों और प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उड़ान के कुछ ही देर बाद विमान जब करीब 100 फीट की ऊंचाई पर था, तभी वह हवा में बुरी तरह डगमगाने लगा। संतुलन बिगड़ने के कारण यह एयरक्राफ्ट सीधे पेड़ों से टकराता हुआ नीचे जा गिरा। जमीन पर गिरते ही एक जोरदार धमाका हुआ और विमान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई, जिसके बाद 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन ने पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की।