कोटा के बॉयज हॉस्टल में घुसा 5 फीट का मगरमच्छ, मेस में मची अफरा-तफरी... वन विभाग ने किया रेस्क्यू
राजस्थान के कोटा शहर के बोरखेड़ा इलाके में स्थित एक बॉयज हॉस्टल की मेस में करीब 4 से 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया।
राजस्थान के कोटा शहर में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बोरखेड़ा इलाके स्थित कोरल पार्क के एक बॉयज हॉस्टल की मेस में करीब 4 से 5 फीट लंबा मगरमच्छ घुस आया। घटना दोपहर करीब एक बजे की है। मगरमच्छ को देखते ही मेस में खाना बना रहे कुक और अन्य कर्मचारी अपनी जान बचाकर बाहर भाग गए, जबकि हॉस्टल में रहने वाले कोचिंग छात्रों में भी दहशत फैल गई।
CCTV में कैद हुई मगरमच्छ की एंट्री
हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरों में मगरमच्छ की पूरी एंट्री रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि मगरमच्छ सीढ़ियों से होते हुए धीरे-धीरे बेसमेंट स्थित मेस तक पहुंच गया। कुछ ही मिनटों में पूरे हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्रों ने पकड़ने की कोशिश की
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में छात्र मौके पर पहुंच गए। कुछ छात्रों ने मगरमच्छ को खुद पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन इससे वह और घबरा गया और मेस के अंदर इधर-उधर भागने लगा। स्थिति को देखते हुए हॉस्टल प्रशासन ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।