नींद की झपकी बनी हादसे की वजह! जोधपुर में पुल से सीधे जोजरी नदी में गिरा ट्रक..
जोधपुर के सालावास गांव में जोजरी नदी के पुल पर देर रात एक ट्रक चालक को नींद की झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रक को बाहर निकलवाया। चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
जोधपुर। शहर के निकट सालावास गांव में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जोजरी नदी पर बने पुल से गुजर रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर नीचे नदी में जा गिरा। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि चालक की जान बच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक चालक को वाहन चलाते समय नींद की झपकी आने से उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते ट्रक पुल से नीचे जोजरी नदी में गिर गया। हादसा देर रात होने के कारण आसपास के लोगों को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी।
सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसके बाद क्रेन मंगवाकर काफी मशक्कत के बाद नदी में गिरे ट्रक को बाहर निकाला गया। ट्रक को निकालने की पूरी प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई।