होंठ नीले, टूटे CCTV और करोड़ों की प्रॉपर्टी... क्या बहू और पोते ने मिलकर की पूर्व सांसद हत्या ?
राजस्थान के भरतपुर से कांग्रेस के पूर्व सांसद रतन सिंह ने अपने एक्सईएन (XEN) बेटे राजेंद्र सिंह की मौत के मामले में बहू और पोते सहित 5 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कराया है।



राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। भरतपुर से कांग्रेस के पूर्व सांसद रतन सिंह ने अपने एक्सईएन (XEN) बेटे राजेंद्र सिंह की संदिग्ध मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है। पूर्व सांसद ने अपनी बहू नीतू सिंह, पोते सौरव सिंह और तीन अन्य लोगों के खिलाफ जयपुर के जवाहर सर्किल थाने में हत्या और सबूत मिटाने की एफआईआर दर्ज कराई है। यह केस 29 सितंबर को दर्ज कराया गया था, जिसकी जानकारी अब मीडिया के सामने आई है।
अचेत मिले थे राजेंद्र, जहर देने का है शक
जानकारी के मुताबिक, 11 सितंबर को राजेंद्र सिंह मालवीय नगर स्थित अपने आवास पर पूरी तरह से बेसुध हालत में पाए गए थे। पूर्व सांसद का कहना है कि उस वक्त उनके बेटे के होंठ नीले पड़ चुके थे, जिससे यह साफ अंदेशा होता है कि उन्हें कोई जहरीला पदार्थ दिया गया था।
प्रॉपर्टी और नौकरी हड़पने की रची गई साजिश?
रतन सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनकी बहू नीतू सिंह ने बेटे की नौकरी (अनुकंपा नियुक्ति) और करोड़ों की प्रॉपर्टी हड़पने के लालच में इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया है।
विवाद का इतिहास: राजेंद्र सिंह और नीतू की शादी 11 मई 2005 को हुई थी। हालांकि, दोनों के बीच लंबे वक्त से अनबन चल रही थी और मामला फैमिली कोर्ट में तलाक तक पहुंच चुका था। करीब 6-7 साल तक अलग-अलग रहने के बाद नीतू और उसका बेटा सौरव इसी साल मई 2026 में वापस राजेंद्र के साथ आकर रहने लगे थे। इसके बाद घर और पैसों को लेकर विवाद और ज्यादा गहरा गया।
हत्या से पहले धमकियां और तोड़े गए CCTV
एफआईआर में यह भी बताया गया है कि 4 सितंबर को नीतू और सौरव ने राजेंद्र के साथ मकान और पैसों को लेकर भारी विवाद किया था और उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। राजेंद्र ने इस खौफनाक माहौल के बारे में अपने परिवार को भी बताया था। पूर्व सांसद का आरोप है कि वारदात के साक्ष्य मिटाने के लिए 4 और 5 सितंबर को घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए। शिकायत में कहा गया है कि घर के डीवीआर (DVR) में हत्या की साजिश से जुड़े अहम सबूत मौजूद हैं।
बहू के पिता ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ, नीतू सिंह के पिता विमल ने पूर्व सांसद के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। विमल का कहना है कि राजेंद्र का परिवार सिर्फ संपत्ति हड़पने और उनकी बेटी को फंसाने के लिए यह झूठा मुकदमा दर्ज करवा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि उनके पास अपने बचाव में कई ठोस सबूत और वीडियो फुटेज मौजूद हैं। विमल ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बेटी को जबरन घर से निकाल दिया गया है।
क्या कह रही है पुलिस?
इस हाई-प्रोफाइल मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस एक्शन में आ गई है। जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि पूर्व सांसद रतन सिंह की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की तहकीकात शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों, पड़ोसियों तथा ससुराल पक्ष के लोगों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट और घर के डीवीआर की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।












































