दीपके हिरासत में, जंतर-मंतर पर हंगामा, ममता बोलीं- 'पूरी पीढ़ी को डरा रही सरकार'
दिल्ली के कनॉट प्लेस में 'लहरा दो तिरंगा' रैली से पहले कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को पुलिस ने हिरासत में लिया। सीएम ममता बनर्जी ने इसे अघोषित आपातकाल बताया है।



राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा बुलाई गई 'लहरा दो तिरंगा' रैली को लेकर भारी हंगामा देखने को मिल रहा है। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित इस रैली से पहले ही दिल्ली पुलिस ने CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा बोरा को हिरासत में ले लिया है। इलाके में धारा 163 लागू होने के कारण पुलिस ने यह कार्रवाई की है। इस घटना के बाद सियासी पारा भी चढ़ गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे 'अघोषित आपातकाल' करार दिया है।
घर से निकलते ही हिरासत में लिए गए अभिजीत दीपके
जानकारी के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली में NCP-SP (शरद पवार गुट) के एक प्रवक्ता के आवास पर रुके हुए थे। रैली में शामिल होने के लिए वह जैसे ही घर से बाहर निकले, दिल्ली पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया। दूसरी तरफ, AISA अध्यक्ष नेहा बोरा को भी मंडी हाउस इलाके से पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।
6 दिनों में दूसरी बार पुलिस कस्टडी में CJP फाउंडर
यह पिछले 6 दिनों के भीतर दूसरा मौका है जब अभिजीत दीपके को पुलिस ने हिरासत में लिया है। इससे पहले 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर होने वाले एक प्रदर्शन से पहले दीपके को विमान से ही हिरासत में ले लिया गया था, हालांकि अगले दिन उन्हें रिहा कर दिया गया था।
ममता बनर्जी का तीखा प्रहार- 'यह अघोषित आपातकाल है'
अभिजीत दीपके की हिरासत पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, "अभिजीत दीपके को महज इसलिए हिरासत में लिया गया क्योंकि उनके हाथ में भारतीय राष्ट्रीय ध्वज था। जरा सोचिए, स्वतंत्र भारत में हमारे युवाओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का शांतिपूर्ण तरीके से इस्तेमाल करने पर हिरासत में लिया जा रहा है।"
ममता बनर्जी ने आगे कहा, "यह किसी अघोषित आपातकाल से कम नहीं है। असहमति से डरने वाली सरकार अब पूरी पीढ़ी को चुप कराने के लिए डराने की कोशिश कर रही है।"
जंतर-मंतर पर बवाल, ड्रोन से निगरानी कर रही पुलिस
नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में AISA और CJP के समर्थकों ने जंतर-मंतर के बाहर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। हालात पर काबू पाने के लिए दिल्ली पुलिस भारी संख्या में तैनात है और ड्रोन के जरिए पूरे प्रदर्शन की निगरानी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का हंगामा: जनपथ मेट्रो गेट के बाहर बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की।
पुलिस पर आरोप: प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने उसके साथ बदसलूकी की और उसे घसीटा गया।
प्रशासन को तिरंगे की ताकत से डर: CJP
इस पूरी कार्रवाई पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कड़ा बयान जारी किया है। पार्टी का आरोप है कि दीपके को केवल इसलिए रोका गया क्योंकि वह राष्ट्रीय ध्वज लेकर एक निर्धारित स्थान की ओर जा रहे थे। CJP ने कहा, "यह कार्रवाई साफ दिखाती है कि प्रशासन को किसी अव्यवस्था से डर नहीं है, बल्कि आम नागरिकों के हाथों में तिरंगे की शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक ताकत से डर लगता है।"












































