जयपुर में 12 जुलाई को होगी साउथ एक्ट्रेस शर्मिला मांद्रे की शाही शादी, सामोद पैलेस में जुटेंगे फिल्मी सितारे
कन्नड़ अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे और फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम 12 जुलाई को जयपुर के सामोद पैलेस में शादी करेंगे। 11 जुलाई से हल्दी, मेहंदी और संगीत समारोह शुरू होंगे। इस शाही शादी में दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े सितारों के शामिल होने की संभावना है।
जयपुर एक बार फिर फिल्मी दुनिया की भव्य शाही शादी का गवाह बनने जा रहा है। कन्नड़ और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे और फिल्म निर्माता सुधन सुंदरम 12 जुलाई को जयपुर के ऐतिहासिक सामोद पैलेस में विवाह बंधन में बंधेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस भव्य वेडिंग सेलिब्रेशन में दक्षिण भारतीय फिल्म जगत की कई नामचीन हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
शादी की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। सुधन सुंदरम बुधवार को जयपुर पहुंचकर समारोह की तैयारियों का जायजा लिया, जबकि गुरुवार को अभिनेत्री शर्मिला मांद्रे अपने परिवार के साथ जयपुर पहुंचीं। एयरपोर्ट से वह सीधे सामोद पैलेस के लिए रवाना हो गईं, जहां शादी से जुड़े सभी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शादी समारोह की शुरुआत 11 जुलाई से होगी। इस दिन हल्दी, मेहंदी और संगीत जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में राजस्थानी शाही मेहमाननवाजी और दक्षिण भारतीय संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इसके बाद 12 जुलाई की सुबह दक्षिण भारतीय वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह संपन्न होगा, जबकि शाम को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा।