एडवांस किराए को लेकर खूनी खेल, किराएदार ने ईंट से कुचलकर की मकान मालिक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार
जयपुर के मानसरोवर इलाके में मकान मालिक दीपक कुलश्रेष्ठ की ईंट मारकर हत्या करने वाले आरोपी किराएदार (जूनियर अकाउंटेंट) महेश शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या का कारण मकान खाली करने और एडवांस रुपयों का विवाद बताया जा रहा है।
राजधानी जयपुर के मानसरोवर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मकान खाली करने और एडवांस किराए के विवाद में एक किराएदार ने अपने ही मकान मालिक की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुक्रवार दोपहर आरोपी किराएदार (जूनियर अकाउंटेंट) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी हत्या के बाद अपने एक रिश्तेदार के घर जाकर छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे धर दबोचा।
डीसीपी (साउथ) राजर्षि राज वर्मा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह खौफनाक घटना मानसरोवर के रजतपथ इलाके में गुरुवार शाम को हुई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी किराएदार मौके से फरार हो गया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि मकान मालिक की लहूलुहान लाश देखकर वह बुरी तरह डर गया था और वहां से भागकर अपने रिश्तेदार के घर छिप गया था।
दीपक उसे तुड़वाकर नया बनवाना चाहते
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक दीपक कुलश्रेष्ठ के रजत पथ पर दो मकान हैं। एक मकान में वह खुद रहते थे, जबकि महज 400 मीटर दूर स्थित दूसरा मकान उन्होंने आरोपी महेश शर्मा को किराए पर दिया था। महेश पिछले तीन साल से अपनी बहन के साथ वहां रह रहा था।