इंस्टाग्राम पर डाली 'न्यूड' फोटो, पति ने किया विरोध तो बेवफा पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर रेत दिया गला!
फरीदाबाद के श्याम कॉलोनी में हुए गोपाल हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पत्नी काजल ने अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर पति का गला रेता था और पुलिस को गुमराह करने के लिए बदमाशों की झूठी कहानी रची।



हरियाणा के फरीदाबाद में हुए बहुचर्चित गोपाल हत्याकांड में पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि 14 अक्टूबर की रात को घर में घुसे किसी बदमाश ने नहीं, बल्कि गोपाल की पत्नी काजल ने ही अपने प्रेमी योगेंद्र के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस की सख्ती के आगे पत्नी टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने प्रेमी योगेंद्र को भी गिरफ्तार कर लिया है और दोनों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
इंस्टाग्राम पर न्यूड फोटो डालने से शुरू हुआ था विवाद
पुलिस और मृतक के भाई भूरा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, काजल और योगेंद्र के बीच अवैध संबंध थे। लगभग एक साल पहले प्रेमी योगेंद्र ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर काजल और अपनी न्यूड तस्वीरें वायरल कर दी थीं। इसे लेकर गोपाल का अपनी पत्नी और उसके प्रेमी से भारी विवाद हुआ था, हालांकि तब मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा। करीब दो महीने पहले जब गोपाल को भनक लगी कि योगेंद्र का उसके घर फिर से आना-जाना शुरू हो गया है, तो उनके बीच तीखी बहस हुई और गोपाल नाराज होकर फरीदाबाद वापस लौट आया।
हाथरस में फेल हुआ प्लान, तो फरीदाबाद में रची साजिश
गोपाल को रास्ते से हटाने के लिए काजल और योगेंद्र ने पूरी प्लानिंग की थी। मृतक के भाई ने बताया कि शुरुआत में दोनों ने उत्तर प्रदेश के हाथरस स्थित गांव में ही हत्या की साजिश रची थी, लेकिन घर में अन्य सदस्यों की मौजूदगी के कारण वे सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने फरीदाबाद में मर्डर का प्लान बनाया ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। योजना के तहत योगेंद्र 13 अक्टूबर को काजल और बच्चों को फरीदाबाद छोड़ गया और 14 अक्टूबर की रात को वापस आकर काजल के साथ मिलकर सोते हुए गोपाल का गला चाकू से रेत दिया। हत्या के बाद योगेंद्र फरार हो गया और काजल ने पुलिस को 'बदमाशों के हमले' की झूठी कहानी सुना दी।
16 साल पहले हुई थी लव मैरिज, अब मिला धोखा

गोपाल पिछले 20 सालों से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर था। 16 साल पहले वहीं उसकी मुलाकात काजल से हुई थी। प्यार परवान चढ़ा तो काजल अपने पहले पति को छोड़कर 5 साल की बेटी के साथ गोपाल के पास आ गई। बाद में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली और गांव में घर बनाकर रहने लगे। गोपाल और काजल के तीन बच्चे (तनुज, हन्नी और भूरी) भी हैं। गांव में गोपाल के घर से महज 500 मीटर दूर रहने वाले योगेंद्र का उनके घर आना-जाना शुरू हुआ जो बाद में अवैध संबंधों में बदल गया। परिवार के विरोध करने पर काजल उन्हें झूठे केस में फंसाने की धमकियां देती थी।
कौन है कातिल प्रेमी योगेंद्र?
मृतक के भाई भूरा ने आरोपी योगेंद्र के आपराधिक और विवादित अतीत का भी कच्चा-चिट्ठा खोला। योगेंद्र पहले से शादीशुदा है, लेकिन उसकी हरकतों के कारण पत्नी 10 साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। वह अपने 10 साल के बेटे के साथ रहता है। आरोप है कि काजल की जिंदगी में आने से पहले योगेंद्र ने पड़ोस के गांव की एक शादीशुदा महिला को भी भगाया था, लेकिन उसकी असलियत जानकर वह महिला भी कुछ समय बाद अपने बच्चों के पास लौट गई।
सख्ती के आगे उगला सच
शुरुआत में काजल ने अपने देवरों और पुलिस को मनगढ़ंत कहानी सुनाकर गुमराह करने की पूरी कोशिश की। लेकिन पुलिस को घटनास्थल और काजल के बयानों में विरोधाभास नजर आया। जब क्राइम ब्रांच ने सख्ती से पूछताछ की, तो काजल ने सारा सच उगल दिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











































