पहले प्रेमिका ने प्यार से बुलाया, फिर पति के साथ मिलकर प्रेमी को कुल्हाड़ी से काट डाला
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में अवैध संबंधों के चलते एक रूह कंपा देने वाला हत्याकांड सामने आया है। शादीशुदा प्रेमिका ने पति के साथ मिलकर बॉयफ्रेंड वसीम अंसारी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी और शव के टुकड़े कर अलग-अलग गाड़ दिए।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक विवाहित महिला ने अपने प्रेमी को पहले तो बहाने से जंगल में बुलाया और फिर अपने पति के साथ मिलकर कुल्हाड़ी से उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए शव के कई टुकड़े किए और सिर व धड़ को अलग-अलग गड्ढों में दफना दिया। पस्ता थाना पुलिस ने इस खौफनाक हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
2 अक्टूबर से लापता था युवक
मृतक की पहचान कोदौरा गांव निवासी 35 वर्षीय वसीम अंसारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे वसीम अपनी एक्टिवा लेकर घर से निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। अगली सुबह (3 अक्टूबर को) उसकी स्कूटी एक मक्के के खेत के पास लावारिस हालत में मिली, लेकिन वसीम का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मृतक के भाई अमीम अंसारी ने डौरा पुलिस चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।