"मेरे बड़े राजनीतिक लिंक हैं..." पॉडकास्ट में कबूलनामे के बाद नपे स्वतंत्र भारद्वाज, छुट्टी के दिन जज के घर लगी अदालत; 24 घंटे में कैसे पलटा पूरा केस?
दिल्ली की अदालत ने जंतर-मंतर पर नाबालिग कार्यकर्ता के पिता से मारपीट के आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा। मामले में पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं।
दिल्ली की एक अदालत ने शनिवार को आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। यह मामला जुलाई में जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) की एक नाबालिग कार्यकर्ता के पिता के साथ हुई कथित मारपीट से जुड़ा है।
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से भारद्वाज को हिरासत में लिया था। यह कार्रवाई CJP कार्यकर्ताओं द्वारा संसद मार्ग थाने के बाहर आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन के कुछ ही घंटों बाद अमल में लाई गई।
FIR में SC/ST और POCSO एक्ट की धाराएं शामिल
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में आरोपी के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी (FIR) में कई गंभीर धाराएं जोड़ी हैं। पुलिस के अनुसार, नाबालिग कार्यकर्ता के पिता पर कथित हमले के मामले में अब एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी (Criminal Intimidation) की धाराएं शामिल की गई हैं। इसके अलावा मामले में पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।