मिनी ट्रक में सीक्रेट केबिन बनाकर गुजरात ले जाई जा रही 197 कार्टन अवैध शराब जब्त, एक गिरफ्तार
बालोतरा और गुड़ामालानी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक से 197 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। तस्कर ट्रक में सीक्रेट केबिन और डबल तिरपाल लगाकर राजस्थान और चंडीगढ़ निर्मित शराब की खेप गुजरात ले जा रहे थे।



राजस्थान से गुजरात में अवैध शराब की तस्करी करने वाले माफिया अब पुलिस से बचने के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। लेकिन, बालोतरा जिले की डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम (DST) और गुड़ामालानी पुलिस की सतर्कता के आगे तस्करों की एक न चली। पुलिस ने एक आईसर मिनी ट्रक को जब्त किया है, जिसमें सीक्रेट केबिन बनाकर 197 कार्टन अवैध अंग्रेजी शराब गुजरात ले जाई जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिससे तस्करी के नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी है।
एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान में मिली सफलता
बालोतरा एसपी राजेश कुमार कांवट ने बताया कि जिले में अवैध शराब तस्करी की रोकथाम और शराब तस्करों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी हरफूलसिंह मीना और डीएसपी सुमेरसिह राठौड़ के सुपरविजन में गुड़ामालानी थानाधिकारी सुरेश भादूर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
फिल्मी स्टाइल में पीछा कर तस्कर को दबोचा
पुलिस कार्रवाई का घटनाक्रम काफी नाटकीय रहा। डीसीआरबी (DCRB) बालोतरा से टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक आईसर मिनी ट्रक में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब भरकर गांधव पुल की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना मिलते ही डीएसटी प्रभारी ओमाराम और उनकी टीम ने ट्रक का पीछा करना शुरू किया। गांधव चेक पोस्ट पर पुलिस ने सख्त नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान गांधव बस स्टैंड की तरफ से आ रहे संदिग्ध मिनी ट्रक को रुकवाया गया। सामने पुलिस को देखकर ट्रक ड्राइवर घबरा गया। जब उससे पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम खेमाराम (पुत्र नवलाराम, निवासी धनाऊ, बाड़मेर) बताया।
डबल तिरपाल और सीक्रेट केबिन का खेल
पुलिस ने जब पहली बार ट्रक को देखा, तो वह पूरी तरह से खाली नजर आ रहा था और उसके ऊपर सिर्फ एक तिरपाल बंधा था। लेकिन पुलिस को पुख्ता सूचना थी, इसलिए ट्रक की सघन तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि तस्करों ने तिरपाल के नीचे एक अतिरिक्त (एक्स्ट्रा) छत या परत बना रखी थी।
इसके ऊपर दूसरा तिरपाल इस तरह लगाया गया था कि दोनों बिल्कुल एक जैसे दिखें और किसी को शक न हो। इस सीक्रेट परत के अंदर शराब के कार्टन बड़ी ही चालाकी से छिपाए गए थे।
राजस्थान और चंडीगढ़ निर्मित शराब का जखीरा बरामद
सीक्रेट केबिन से निकाली गई शराब की पेटियों की जांच करने पर पता चला कि यह शराब राजस्थान और चंडीगढ़ निर्मित है। पुलिस ने मौके से निम्नलिखित ब्रांड्स की शराब बरामद की है:
8 PM अंग्रेजी शराब: 28 कार्टन
ग्रीन लेबल (Green Label): 32 कार्टन
ऑल सीजन (All Seasons): 66 कार्टन
रॉयल चैलेंज (Royal Challenge): 68 कार्टन
रॉयल चैलेंज (पव्वे): 160 पव्वे (चंडीगढ निर्मित)
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की कुल मात्रा लगभग 1726.56 लीटर है। फिलहाल गुड़ामालानी पुलिस ने आरोपी खेमाराम को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और गुजरात में किस सप्लायर को दी जानी थी।












































