जोधपुर में GST छापे पर खूनी खेल ट्रांसपोर्टर ने टीम की गाड़ी को ट्रक से कुचला, CPU छीनकर हुए फरार!
जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया में DGGI की टीम पर ट्रांसपोर्टर पुखराज खावा और उसके स्टाफ ने हमला किया। GST चोरी के छापे के दौरान धक्का-मुक्की, दो CPU छीने, सरकारी गाड़ी को ट्रक से टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया। सुनील विश्नोई गिरफ्तार, अन्य फरार। फर्जी बिलिंग से करोड़ों की GST चोरी का मामला। पुलिस CCTV से जांच कर रही है।
जोधपुर के बासनी इंडस्ट्रियल एरिया में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब करोड़ों की GST चोरी के नेटवर्क पर छापा मारने पहुंची डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ जीएसटी इंटेलिजेंस (DGGI) की जयपुर टीम पर हमला हो गया। ट्रांसपोर्टर पुखराज खावा और उसके स्टाफ ने न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि दो कंप्यूटर CPU छीन लिए और सरकारी गाड़ी को ट्रक से टक्कर मारकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान एक ऑटो रिक्शा भी चपेट में आ गया। पुलिस ने मौके से सुनील विश्नोई नामक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
घटना का पूरा विवरण:
सुबह करीब 7:15 बजे DGGI की टीम सेकेंड फेज बिश्नोई रोड लाइंस स्थित ट्रांसपोर्ट कंपनी के ऑफिस पहुंची। ऑफिस पर ताला लगा था, इसलिए टीम बाहर इंतजार कर रही थी। तभी सुनील विश्नोई आया, ऑफिस खोला और दो CPU ले जाने लगा। टीम ने रोकने की कोशिश की तो ट्रांसपोर्टर पुखराज खावा व उसके स्टाफ ने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। हाथापाई के दौरान आरोपियों ने दोनों CPU छीन लिए – एक को साथी की कार में डालकर भगा दिया, जबकि दूसरा ट्रक में रखकर फरार हो गए। भागते समय ट्रक ने DGGI की गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जो ठीक सामने खड़ी थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई और पास खड़ा एक ऑटो रिक्शा भी इसमें फंस गया।