महिला एशिया कप: क्या पाकिस्तान के मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार करेगी टीम इंडिया?
पुरुष टीम द्वारा पहले नकवी से ट्रॉफी न लेने के विवाद को देखते हुए अब सबकी नज़र इस बात पर है कि हरमनप्रीत कौर की टीम और BCCI इस संभावित परिदृश्य में क्या रुख अपनाते हैं।
महिला एशिया कप (Women's Asia Cup 2026) के शुरू होने से पहले एक बार फिर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट संबंधों और ट्रॉफी प्रजेंटेशन को लेकर विवाद खड़ा होने की संभावना बन गई है। यदि भारतीय महिला क्रिकेट टीम फाइनल में पहुंचती है या खिताब जीतती है, तो एक असहज स्थिति पैदा हो सकती है। वजह यह है कि एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी—जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के प्रमुख और पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री भी हैं—पुरस्कार वितरण मंच (Podium) पर मौजूद हो सकते हैं।
क्या है पूरा विवाद और असहज स्थिति की वजह?
पिछले साल दुबई में खेले गए पुरुष एशिया कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच भारी राजनयिक और सैन्य तनाव के बीच एक बड़ा ड्रामा देखने को मिला था। फाइनल में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीता था, लेकिन टीम इंडिया ने मोहसिन नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से साफ इनकार कर दिया था।