डोटासरा का भाजपा पर हमला, बोले- महरिया की राजनीति लोगों को प्रताड़ित कर गुलाम बनाने की
पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने शिक्षकों के तबादलों को लेकर भाजपा सरकार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि लक्ष्मणगढ़ में 85% शिक्षकों के प्रशासनिक आधार पर तबादले राजनीतिक द्वेष से किए गए हैं। डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस शिक्षकों के हितों की लड़ाई लड़ेगी और इस मामले में कानूनी लड़ाई भी लड़ी जाएगी।
सीकर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने प्रदेश में हाल ही में हुए शिक्षकों के तबादलों को लेकर भाजपा सरकार और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया पर तीखा हमला बोला। गुरुवार को सीकर स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत के दौरान डोटासरा ने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक द्वेष की भावना से शिक्षकों के तबादले कर रही है। उन्होंने कहा कि लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र में करीब 85 प्रतिशत शिक्षकों का तबादला प्रशासनिक आधार पर किया गया है, जो पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई है।
डोटासरा ने कहा कि किसी भी सरकार में तबादले होना सामान्य प्रक्रिया है। जो कर्मचारी अपनी इच्छा से तबादला चाहते हैं, उन्हें प्राथमिकता दी जाती है। वहीं प्रशासनिक आधार पर तबादले केवल तब किए जाने चाहिए, जब किसी स्कूल में किसी विषय के शिक्षक की कमी हो या अधिक विद्यार्थियों वाले स्कूल में शिक्षक की आवश्यकता हो। लेकिन वर्तमान सरकार में प्रिंसिपल, लेक्चरर और सेकेंड ग्रेड शिक्षकों के तबादले राजनीतिक द्वेष के चलते किए जा रहे हैं और इसमें बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार भी हुआ है।