कोटा मेडिकल कॉलेज की 4 पीड़ित महिलाओं की गुहार: 'किडनी ट्रांसप्लांट कराओ या इच्छा मृत्यु दो', डायलिसिस कराने से किया इनकार
कोटा मेडिकल कॉलेज में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद किडनी फेल होने वाली पांच महिलाओं में से चार ने मीडिया के सामने आकर सरकार से किडनी ट्रांसप्लांट की मांग की है।
राजस्थान के कोटा मेडिकल कॉलेज में सीजेरियन ऑपरेशन के बाद महिलाओं की किडनी फेल होने के मामले में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। अस्पताल के नेफ्रोलॉजी वार्ड में भर्ती पांच पीड़ित महिलाओं में से चार मीडिया के सामने आईं और भावुक होते हुए सरकार से किडनी ट्रांसप्लांट कराने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि यदि सरकार उनकी मदद नहीं कर सकती तो उन्हें इच्छा मृत्यु की अनुमति दी जाए।
दो महीने से अस्पताल में भर्ती
पीड़ित महिलाओं ने बताया कि उन्हें अस्पताल में भर्ती हुए 70 दिनों से अधिक का समय हो चुका है। हर दो-तीन दिन में डायलिसिस की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, जो बेहद दर्दनाक है। उनका कहना है कि लगातार इलाज के बावजूद उनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।
48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा, डायलिसिस से किया इनकार
दो दिन पहले पीड़ित महिलाओं के परिजनों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन देकर किडनी ट्रांसप्लांट की मांग की थी और प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया था। निर्धारित समय पूरा होने के बाद महिलाओं ने विरोध स्वरूप बुधवार से डायलिसिस कराने से इनकार कर दिया।