राजस्थान में हर दिन 41 नए ब्रेस्ट कैंसर मरीज: महिला विशेषज्ञों की भारी कमी, हर साल 6 हजार से ज्यादा महिलाओं की मौत
राजस्थान में ब्रेस्ट कैंसर के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। हर दिन औसतन 41 नए मरीज सामने आ रहे हैं, जबकि हर साल 6 हजार से अधिक महिलाओं की इस बीमारी से मौत हो रही है।
राजस्थान में ब्रेस्ट कैंसर तेजी से महिलाओं के लिए गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बनता जा रहा है। हर दिन औसतन 41 नए मरीज सामने आ रहे हैं, लेकिन समय पर जांच और विशेषज्ञ इलाज की कमी के कारण अधिकांश महिलाएं बीमारी की अंतिम स्टेज में अस्पताल पहुंच रही हैं। नतीजतन, प्रदेश में हर साल 6 हजार से अधिक महिलाओं की मौत ब्रेस्ट कैंसर से हो रही है।
महिला डॉक्टरों की भारी कमी
प्रदेश के 33 सरकारी मेडिकल कॉलेजों में ब्रेस्ट कैंसर से जुड़े उपचार के लिए केवल 7 महिला विशेषज्ञ डॉक्टर कार्यरत हैं। इनमें सबसे अधिक विशेषज्ञ जयपुर के एसएमएस मेडिकल कॉलेज और स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में हैं, जबकि कई मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में एक भी महिला कैंसर विशेषज्ञ उपलब्ध नहीं है।
ग्रामीण क्षेत्रों की कई महिलाएं पुरुष डॉक्टरों के सामने अपनी समस्या बताने में झिझक महसूस करती हैं। इसी कारण बीमारी की पहचान देर से होती है और मरीज गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचते हैं।