बाड़मेर के जसाई स्कूल में प्रिंसिपल को हटाने की मांग, गेट पर बैठे छात्र-छात्राएं; टीचर्स पर पढ़ाई नहीं कराने का आरोप
बाड़मेर के जसाई गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रिंसिपल को हटाने तथा नियमित पढ़ाई की मांग को लेकर स्कूल गेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षकों के समय पर नहीं आने और पढ़ाई नहीं कराने के आरोप लगाए। करीब ढाई घंटे बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों की समझाइश पर छात्र स्कूल के अंदर गए। विभाग ने मामले की जांच कराने और स्टाफ को समय पर आने के निर्देश दिए हैं।
बाड़मेर। जिले के जसाई गांव स्थित राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को विद्यार्थियों और अभिभावकों ने प्रिंसिपल को हटाने तथा स्कूल में नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सुबह स्कूल खुलते ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और ग्रामीण स्कूल के मुख्य गेट पर बैठ गए और नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शन के कारण करीब ढाई घंटे तक स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित रहीं। बाद में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और सरपंच प्रतिनिधि की समझाइश के बाद छात्र स्कूल के अंदर गए और पढ़ाई शुरू हुई।
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और अभिभावकों का आरोप था कि स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। उनका कहना है कि कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते और कक्षाओं में नियमित पढ़ाई भी नहीं कराई जाती। उन्होंने प्रिंसिपल पर स्कूल की व्यवस्था सुधारने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए उन्हें हटाने की मांग की।
विद्यार्थियों ने लगाए गंभीर आरोप