राजस्थान ट्रांसफर विवाद: BJP के लिए काम करने का दावा करने वाले हेडमास्टर का छलका दर्द, मंत्री के बेटे का ट्रांसफर कैंसिल होने पर भी उठे सवाल
राजस्थान में तबादला प्रक्रिया पर रोक के बीच धौलपुर के एक हेडमास्टर की सोशल मीडिया पोस्ट और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के बेटे का ट्रांसफर रद्द होने का मामला चर्चा में है।
राजस्थान में हाल ही में हुए बड़े स्तर के सरकारी तबादलों (Rajasthan Transfer) के बाद कई कर्मचारी और अधिकारी अपने ट्रांसफर को लेकर असंतोष जता रहे हैं। फिलहाल राज्य सरकार ने तबादला प्रक्रिया पर रोक लगा दी है, लेकिन इससे पहले जारी हुए आदेशों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब धौलपुर के एक सरकारी स्कूल के हेडमास्टर ओमवीर पेलावत की सोशल मीडिया पोस्ट और कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत के बेटे दीपक कुमावत का ट्रांसफर रद्द होने का मामला चर्चा में है।
500 किलोमीटर दूर तबादले पर हेडमास्टर ने जताई नाराजगी
धौलपुर जिले के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत हेडमास्टर ओमवीर पेलावत (59) का तबादला धौलपुर से करीब 500 किलोमीटर दूर झालावाड़ कर दिया गया। इस फैसले से नाराज हेडमास्टर ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखकर अपनी पीड़ा साझा की।
पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि उनके पिता लंबे समय तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) के समर्पित कार्यकर्ता रहे हैं और इस बात की जानकारी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी है। उन्होंने खुद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का द्वितीय वर्ष शिक्षित कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि भाजपा संगठन को मजबूत करने में उन्होंने वर्षों तक सक्रिय भूमिका निभाई है।