किसानों की होगी बल्ले-बल्ले! देश के सबसे बड़े श्रीअन्न अनुसंधान केंद्र का कल होगा उद्घाटन, जानिए आपको कैसे मिलेगा सीधा फायदा?
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी में बाजरा अनुसंधान का राष्ट्रीय मुख्यालय (Bajra Research Centre) बनकर तैयार हो गया है। 27 सितंबर को केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी इसका उद्घाटन करेंगे। जानिए इस हाईटेक रिसर्च सेंटर से पश्चिमी राजस्थान के किसानों को कैसे फायदा मिलेगा।
कृषि के क्षेत्र में पश्चिमी राजस्थान के लिए एक बेहद शानदार और राहत भरी खबर है। बालोतरा जिले के गुड़ामालानी में तीन साल पहले जिस बाजरा अनुसंधान केंद्र (Pearl Millet Research Centre) का सपना देखा गया था, वह अब हकीकत में बदल चुका है। यह हाईटेक सेंटर पूरी तरह से बनकर तैयार है और रविवार, 27 सितंबर को इसका भव्य उद्घाटन होने जा रहा है।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट इस नवनिर्मित केंद्र का लोकार्पण करेंगे। खास बात यह है कि भवन निर्माण के साथ ही वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम ने यहाँ अपनी रिसर्च भी शुरू कर दी है।
3 साल के रिकॉर्ड समय में हुआ तैयार
इस क्षेत्रीय बाजरा अनुसंधान केंद्र के प्रमुख और परियोजना समन्वयक डॉ. एस. एन. सक्सेना ने बताया कि इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की नींव 27 सितंबर 2023 को तत्कालीन उपराष्ट्रपति द्वारा रखी गई थी। ठीक तीन साल के भीतर यह शानदार बिल्डिंग बनकर तैयार हो गई है। इस नए परिसर में अत्याधुनिक लैबोरेट्री और विस्तृत फार्म एरिया जैसी सभी जरूरी सुविधाएं मौजूद हैं। यहाँ 5 कृषि वैज्ञानिकों की एक विशेषज्ञ टीम भी नियुक्त हो चुकी है, जिन्होंने अपना काम संभाल लिया है।