टोंक में शराब की दुकान में घुसा लेपर्ड, 3 लोगों पर हमला; 5 घंटे बाद रेस्क्यू
राजस्थान के टोंक जिले के टोडारायसिंह कस्बे में एक लेपर्ड शराब की दुकान में घुस गया और तीन लोगों पर हमला कर दिया। सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाते हुए लेपर्ड को दुकान में बंद कर दिया। करीब पांच घंटे बाद जयपुर से पहुंची वन विभाग की टीम ने सफल रेस्क्यू कर लेपर्ड को सुरक्षित पकड़ लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल रहा, जबकि दो घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
टोंक जिले के टोडारायसिंह कस्बे में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लेपर्ड आबादी वाले इलाके में घुसकर शराब की दुकान तक पहुंच गया। लेपर्ड ने तीन लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। जान बचाने के लिए लोग सड़कों पर दौड़ पड़े, जबकि सेल्समैन ने सूझबूझ दिखाते हुए लेपर्ड को दुकान के अंदर बंद कर दिया। करीब पांच घंटे तक पूरे इलाके में दहशत का माहौल रहा। आखिरकार जयपुर से पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने लेपर्ड को सुरक्षित पकड़ लिया।
सुबह करीब 8:45 बजे स्थानीय वन मित्र राकेश को सूचना मिली कि कस्बे की झाड़ियों में एक लेपर्ड दिखाई दिया है। सूचना मिलने पर राकेश मौके पर पहुंचे, लेकिन जैसे ही वह झाड़ियों के पास पहुंचे, लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। हमले के बाद लेपर्ड करीब 400 मीटर दूर स्थित एक शराब की दुकान की ओर भाग गया।
दुकान के बाहर बैठे फतेह लाल कोली (40) पर भी लेपर्ड ने हमला कर दिया। इसके बाद वह सीधे शराब की दुकान के अंदर घुस गया, जहां मौजूद सेल्समैन संजय गुर्जर (25) पर भी उसने हमला कर दिया। संजय ने किसी तरह अपनी जान बचाई और सूझबूझ का परिचय देते हुए लेपर्ड को दुकान के अंदर बंद कर दिया। इसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।