इन 3 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, जानें आपके शहर में कब बरसेंगे बादल?
राजस्थान मौसम अपडेट: प्रदेश में 10 अक्टूबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। बीकानेर, सीकर और झुंझुनू में बारिश का यलो अलर्ट जारी। शेखावाटी में रात का तापमान गिरने से बढ़ी ठंडक। जानिए अपने शहर के मौसम का हाल।



राजस्थान में मौसम का मिजाज अब तेजी से बदलने लगा है। प्रदेश में एक तरफ जहां दिन में चिलचिलाती धूप और गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है, वहीं दूसरी तरफ रातों में हल्की ठंडक ने दस्तक दे दी है। इस बीच, मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेशवासियों के लिए एक नया अलर्ट जारी किया है। 10 और 11 अक्टूबर को राजस्थान के 3 जिलों में आंधी और बारिश का 'यलो अलर्ट' जारी किया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव, इन इलाकों में बरसेंगे बादल
मौसम केंद्र के ताजा अपडेट के अनुसार, 10 अक्टूबर से प्रदेश में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के साथ-साथ शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं इलाकों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहने के साथ-साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की प्रबल संभावना जताई गई है।
शेखावाटी में दस्तक दे रही सर्दी, 20 डिग्री के नीचे लुढ़का पारा
भले ही दिन में धूप तीखी हो, लेकिन कई शहरों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है जिससे ठंडक का अहसास होने लगा है। विशेष रूप से शेखावाटी अंचल में सर्दी ने अपनी आमद दर्ज करा दी है। सीकर और फतेहपुर इलाके में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा पहुंचा है। गुरुवार रात सीकर में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा नागौर, टोंक और सिरोही में भी रातों में अच्छी-खासी ठंडक महसूस की जा रही है।
दिन में अब भी झुलसा रही गर्मी, पिलानी रहा सबसे गर्म
अगर पिछले 24 घंटों के मौसम पर नजर डालें, तो गुरुवार को पूरे प्रदेश में आसमान साफ रहा और तेज धूप खिली रही। राज्य के ज्यादातर शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। पिलानी इस दौरान प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चूरू और जैसलमेर में भी पारा 38.5 डिग्री पर रहा, जिससे दिन के समय लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा।
कैसा रहेगा राजधानी जयपुर का मौसम?
राजधानी जयपुर की बात करें तो, गुरुवार को यहां भी दिनभर आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। हालांकि, हल्की हवाएं चलने के कारण तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई। जयपुर में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, जयपुर में आगामी दो दिनों तक मौसम पूरी तरह से शुष्क (Dry) बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।













































