'लव ही तो है...'शादीशुदा प्रेमिका के चक्कर में युवक ने सीने में उतार ली गोली
यूपी के मैनपुरी में एक युवक ने इंस्टाग्राम पर मिर्जापुर सीरीज का डायलॉग 'लव ही तो है लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा' लगाकर आत्महत्या कर ली। पुरानी प्रेमिका पर 70 हजार के दबाव का आरोप।



यूपी के मैनपुरी से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने मशहूर वेब सीरीज 'मिर्जापुर' (Mirzapur) का डायलॉग इंस्टाग्राम स्टेटस पर लगाया और फिर खौफनाक कदम उठाते हुए खुद को गोली से उड़ा लिया। मरने से पहले युवक का आखिरी स्टेटस था- "लव ही तो है, लाइफटाइम थोड़े ही रहेगा।" इस दर्दनाक घटना के पीछे एक पुरानी प्रेमिका का दबाव और पैसों का लेनदेन बड़ी वजह बताया जा रहा है।
सूने घर में दिया वारदात को अंजाम
यह पूरी घटना जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर बेवर इलाके के काजी टोला मोहल्ले की है। 32 वर्षीय मो. आजम उर्फ शहंशाह दिल्ली की एक फाइनेंस कंपनी में नौकरी करता था। वह कुछ दिन पहले ही किसी काम से जयपुर गया था और गुरुवार को ही घर लौटा था। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे जब घर में कोई नहीं था, आजम ने बेड पर लेटकर अपने सीने के दाईं ओर तमंचा रखा और ट्रिगर दबा दिया।
गोली की तेज आवाज सुनकर जब तक पड़ोसी कमरे में पहुंचे, आजम खून से लथपथ बेड पर तड़प रहा था। उसे तुरंत बेवर के सीएचसी ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, रास्ते में ही आजम ने दम तोड़ दिया।
पुरानी प्रेमिका और 70 हजार रुपये का दबाव
इस आत्महत्या के पीछे एक अधूरी प्रेम कहानी का एंगल सामने आ रहा है। परिजनों ने बताया कि आजम का मोहल्ला चमनगंज निवासी रुबीना से करीब 10 साल पुराना अफेयर था। लगभग तीन साल पहले रुबीना की शादी कानपुर के बिल्हौर निवासी अहमद से हो गई थी। शादी के बावजूद दोनों के बीच फोन पर बातचीत का सिलसिला जारी था। परिजनों का गंभीर आरोप है कि रुबीना लगातार आजम पर 70 हजार रुपये वापस करने का मानसिक दबाव बना रही थी, जिससे आजिज आकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
परिवार में मचा कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
घटना के वक्त आजम अपने ननिहाल वाले अलग घर में अकेला था। उसकी मां माहजमा और दोनों बहनें रिश्तेदारी में गुरसहायगंज गई हुई थीं, जबकि पिता और भाई जयपुर में थे।
बेवर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आत्महत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर अहम सुराग जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मैनपुरी जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस प्रेम प्रसंग और पैसों के लेनदेन सहित सभी एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












































