बाप जेल में, मां खा चुकी हवा... अब बेटा 167 ग्राम MD के साथ गिरफ्तार, पूरा परिवार ही चलाता था नशे का कारोबार
बालोतरा जिले की जसोल पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जागसा गांव से ओमप्रकाश विश्नोई को 167 ग्राम एमडी (MD) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी का पूरा परिवार एनडीपीएस (NDPS) मामलों में नामजद है और यह तस्कर भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर नशा सप्लाई करता था।
राजस्थान के बालोतरा जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा प्रहार किया है। जसोल थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक कुख्यात तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 167 ग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स बरामद की है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर जागसा गांव में दबिश दी थी, जहाँ से आरोपी को हिरासत में लिया गया। फिलहाल पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरा परिवार ही है ड्रग्स के काले कारोबार में शामिल
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान ओमप्रकाश विश्नोई के रूप में हुई है। पुलिस जांच में एक हैरान करने वाला तथ्य सामने आया है कि तस्करी के इस काले धंधे में सिर्फ ओमप्रकाश ही नहीं, बल्कि उसका पूरा परिवार शामिल रहा है।