चीथवाड़ी श्रवण माता मंदिर में 7वीं बार चोरी, कंबल ओढ़कर आया चोर दानपात्र ले गया, CCTV में कैद वारदात
जयपुर के चौमूं उपखंड क्षेत्र स्थित चीथवाड़ी श्रवण माता मंदिर में सातवीं बार चोरी की घटना सामने आई है। देर रात कंबल ओढ़कर आए चोर ने मंदिर का दानपात्र उठाकर फरार हो गया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है, जबकि लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में आक्रोश है।
चौमूं। जयपुर जिले के चौमूं उपखंड क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध चीथवाड़ी श्रवण माता मंदिर में एक बार फिर चोरी की घटना सामने आई है। रविवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर परिसर में रखे दानपात्र को उठाकर फरार हो गए। प्राथमिक अनुमान के अनुसार दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई हजारों रुपये की नकदी मौजूद थी। पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार देर रात एक अज्ञात व्यक्ति कंबल ओढ़कर मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने पहले आसपास का जायजा लिया और फिर दानपात्र उठाकर मौके से फरार हो गया। चोरी की इस घटना का पता सोमवार सुबह मंदिर खुलने पर चला। इसके बाद मंदिर समिति के सदस्यों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जाटावाली चौकी प्रभारी बाबूलाल मीणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और मंदिर परिसर सहित आसपास के क्षेत्र की जांच शुरू की। साथ ही आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के आने-जाने के रास्ते और उसकी पहचान का पता लगाया जा सके।