'चाचा मुझे भी साथ ले चलो...', रोते हुए मासूम की वो आखिरी जिद जिसने ले ली दोनों की जान
राजस्थान के जालोर में जन्माष्टमी की रात दर्दनाक हादसा। सड़क पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक टकराने से 25 साल के चाचा और डेढ़ साल के भतीजे की मौके पर मौत।
राजस्थान के जालोर जिले में जन्माष्टमी का त्योहार एक परिवार के लिए गहरा मातम लेकर आया। शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में 25 साल के चाचा और उनके महज डेढ़ साल के भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों बाजार से जन्माष्टमी का प्रसाद (मिठाई और फल) लेकर बाइक से अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी बाइक एक खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
अंधेरे में खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली बनी काल
बिशनगढ़ थाना प्रभारी (SHO) मनोज कुमार ने बताया कि यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे मांडवला टोल नाके के पास हुआ। निबलाना गांव के रहने वाले दशरथ मेघवाल (25) अपने छोटे भतीजे हिमांशु के साथ बाइक से लौट रहे थे। टोल नाके के पास काफी अंधेरा था और वहां सड़क पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली खड़ी थी। अंधेरे के कारण दशरथ को ट्रॉली दिखाई नहीं दी और उनकी बाइक सीधे उसमें जा घुसी। टक्कर इतनी भयानक थी कि चाचा-भतीजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।