पत्नी से अवैध संबंधों के शक में पति ने रिश्तेदार की कर दी हत्या
प्रेम प्रसंग के शक में चंद्र प्रकाश कुशवाह ने रिश्तेदार दीपक कुशवाह की चाकू मारकर हत्या कर दी, पत्नी रेखा रानी और सास रुक्मणी बाई भी घायल। आरोपी फरार है, पुलिस ने तलाश शुरू
राजस्थान के कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्रेम प्रसंग के शक में एक पति ने अपनी पत्नी के रिश्तेदार दीपक कुशवाह की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी। इस हमले में पत्नी रेखा रानी और सास रुक्मणी बाई भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद आरोपी पति चंद्र प्रकाश कुशवाह फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस ने विशेष टीमें गठित की हैं।
शक हुआ कि उसकी पत्नी का दीपक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है
पुलिस के अनुसार, बोरखेड़ा थाना क्षेत्र की मंदिर कॉलोनी में रहने वाली रेखा रानी अपने मायके में थी। शुक्रवार को उसका पति चंद्र प्रकाश कुशवाह, जो बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र के नागदा गांव का निवासी है, अपनी ससुराल आया। वहां उसने अपनी पत्नी के साथ रिश्तेदार दीपक कुशवाह को देखा। चंद्र प्रकाश को शक हुआ कि उसकी पत्नी का दीपक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि चंद्र प्रकाश ने गुस्से में चाकू निकाल लिया। उसने पहले अपनी पत्नी रेखा रानी पर चाकू से हमला किया। जब दीपक ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो चंद्र प्रकाश ने उस पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। इस दौरान दीपक को बचाने आई रेखा की मां रुक्मणी बाई भी हमले का शिकार हो गईं।