जज के 17 साल के बेटे ने मर्सिडीज से स्कूटर सवार को कुचला, 55 वर्षीय शख्स की मौत
केरल के कोच्चि में एडिशनल सेशन जज के 17 वर्षीय बेटे ने मर्सिडीज कार से स्कूटर सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 55 साल के जयबालकृष्णन की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।



केरल के कोच्चि में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने एक स्कूटर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भयानक हादसे में 55 वर्षीय स्कूटर सवार की मौके पर ही जान चली गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार चलाने वाला 17 वर्षीय किशोर एक एडिशनल सेशन जज का बेटा है। दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज कार भी जज के ही नाम पर रजिस्टर्ड है।
देर रात 2 से 3 बजे के बीच हुआ हादसा
यह दुर्घटना शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 2 से 3 बजे के बीच हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी किशोर अलुवा का रहने वाला है और वह अपने माता-पिता की जानकारी के बिना घर से मर्सिडीज कार लेकर निकला था। कार वल्लारपदम से कलामस्सेरी की ओर जा रही थी, तभी उसने स्कूटर सवार को पीछे से टक्कर मार दी। दुर्घटनास्थल के वीडियो में मर्सिडीज का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।
30 साल से खाने का स्टॉल चला रहे थे जयबालकृष्णन

हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान जयबालकृष्णन के रूप में हुई है। वे पिछले 30 सालों से अपनी पत्नी मंजू के साथ सड़क किनारे डोसा और शाकाहारी खाने का स्टॉल चला रहे थे। वे रोज शाम 4 बजे चित्तूर मंदिर के पास अपना स्टॉल लगाते थे और करीब 20 किलोमीटर का सफर स्कूटी से तय करते थे। उनकी पत्नी वैरिकोज वेन्स की बीमारी के चलते छुट्टी पर थीं, इसलिए हादसे वाली रात जयबालकृष्णन स्टॉल बंद करके अकेले ही घर लौट रहे थे।
पीड़ित परिवार का जज पर बदसलूकी का आरोप
इस मामले में पीड़ित परिवार ने पुलिस स्टेशन में भारी हंगामा किया। परिवार का आरोप है कि जब उन्होंने नाबालिग को इतनी महंगी कार चलाने देने पर सवाल उठाया, तो वहां मौजूद एडिशनल सेशन जज ने उनके साथ बेहद अपमानजनक लहजे में बात की।
पुलिस की कार्रवाई और दर्ज हुई FIR
चेरानेल्लूर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग को घटनास्थल से हिरासत में ले लिया है और मर्सिडीज कार को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (सार्वजनिक रास्ते पर लापरवाही से वाहन चलाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है।
शुरुआती जांच में पुलिस ने बताया है कि हादसे के वक्त नाबालिग नशे में नहीं था। हालांकि, मामले की गहन जांच और पुष्टि के लिए उसके ब्लड सैंपल लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











































