Live Updates
LIVE NOWवांगचुक को पुलिस अस्पताल ले गई, अनशन का 21वां दिन: CJP फाउंडर दीपके भी भूख हड़ताल पर बैठे, बोले- सोनम सर को जबरन घसीटकर ले गए
जंतर-मंतर पर पिछले 21 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस सफदरजंग अस्पताल ले गई। पुलिस का कहना है कि यह कदम दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश और वांगचुक की लगातार बिगड़ती सेहत को देखते हुए उठाया गया। अस्पताल ले जाने के दौरान जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों ने विरोध किया और कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दीपके ने भी भूख हड़ताल शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने सोनम वांगचुक के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें जबरन घसीटकर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इन आरोपों पर कहा कि पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश और मेडिकल जरूरतों के तहत शांतिपूर्ण तरीके से की गई।
वांगचुक NEET पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन कर रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार लंबे उपवास के कारण उनका वजन करीब 9.5 किलो घट चुका है और स्वास्थ्य लगातार कमजोर हो रहा था।
वहीं, आंदोलन को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के सरकारी आवास के बाहर सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। 20 जुलाई को प्रस्तावित संसद मार्च के मद्देनज़र दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।
जयपुर हादसा: फुटपाथ पर बैठे परिवार पर चढ़ा ट्रेलर, 3 बच्चों की मौत, माता-पिता जिंदगी की जंग लड़ रहे
जयपुर ट्रेलर हादसा
09:30 AM मामले की जांच जारी
पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हादसे की पूरी वजह सामने आ सके।
09:22 AM फुटपाथ पर बैठे परिवार का सामान सड़क पर बिखरा
हादसे के बाद मौके पर परिवार का गुब्बारे और अन्य सामान सड़क पर बिखरा मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार बागरिया समाज से है और चौराहे पर गुब्बारे व अन्य सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था।
09:19 AM पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रेलर हटवाया
दुर्घटना के बाद पुलिस ने क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क से हटवाया। इसके बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया।
09:05 AM चालक और खलासी मौके से फरार
हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक और उसका खलासी वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
08:50 AM पुलिस और स्थानीय लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की सूचना मिलते ही श्याम नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को नाले से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
08:46 AM रेलिंग तोड़कर फुटपाथ पर चढ़ा ट्रेलर, 5 लोग चपेट में
श्याम नगर थाना क्षेत्र के 200 फीट बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए सड़क किनारे बने नाले के कवर पर चढ़ गया। वहां मौजूद एक परिवार के पांच लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
पीएम मोदी बोले– भारत 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट से उबरा, संसाधनों के सही उपयोग से नहीं हुई सप्लाई में कमी
बालोतरा के पचपदरा रिफाइनरी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दुनिया ने हाल के वर्षों में 21वीं सदी के सबसे बड़े ऊर्जा संकट का सामना किया, जो पश्चिमी एशिया में युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण और गंभीर हो गया था। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भारत ने अपने संसाधनों और प्रबंधन क्षमता के दम पर न केवल स्थिति को संभाला बल्कि ऊर्जा आपूर्ति को भी बाधित नहीं होने दिया।
T 79 :- प्रधानमंत्री ने कहा कि "मैं राजस्थान की माटी के इस स्नेह और आशीर्वाद का ऋणी हूं।" pic.twitter.com/UUIxQqN08C
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
पीएम मोदी ने कहा कि अगर भारत ने समय रहते अपने संसाधनों का सही उपयोग नहीं किया होता, तो देश में घरेलू गैस सिलेंडर जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें 2000 रुपये तक पहुंच सकती थीं। लेकिन सरकार की नीतियों और ऊर्जा क्षेत्र में सुधारों के कारण सप्लाई चेन मजबूत रही और आम जनता पर बड़ा बोझ नहीं पड़ा।
T 78:- PM नरेंद्र मोदी ने दी राजस्थान को विकास कार्यों की सौगात pic.twitter.com/LsrjDDndK0
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
उन्होंने आगे कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसका आत्मविश्वास और संकल्प है। प्रधानमंत्री ने बताया कि पचपदरा रिफाइनरी में हाल ही में हुए हादसे के बाद जिस तेजी से काम पूरा किया गया, वह इस बात का प्रमाण है कि “नया भारत” किसी भी चुनौती के सामने रुकता नहीं है।
T 77 :- पीएम मोदी का सीएम भजनलाल शर्मा ने राजस्थानी पटटू भेंट कर अभिनंदन किया। pic.twitter.com/zxzdUg0Mia
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
पीएम मोदी ने राजस्थान की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी गर्मी में भी भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि जनता का सरकार पर विश्वास मजबूत है। उन्होंने कहा, “मैं राजस्थान की माटी का ऋणी हूं।”
T 74 :- विकास के इस ऐतिहासिक पल पर मुख्यमंत्री @BhajanlalBjp का जोश देखते ही बन रहा pic.twitter.com/9ClxndFhen
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे और रिफाइनरी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनका स्वागत शॉल ओढ़ाकर और प्रतीकात्मक झरोखा भेंट कर किया।
PM मोदी ने किया जोधपुर एयरपोर्ट का उद्घाटन, अब पचपदरा रिफाइनरी राष्ट्र को करेंगे समर्पित।
राजस्थान के इतिहास में 4 जुलाई का दिन विकास के नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और इसके बाद बाड़मेर जिले के पचपदरा पहुंचकर देश की सबसे आधुनिक एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित कर दिया। दोनों परियोजनाओं को पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक, औद्योगिक और आधारभूत विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है।
T 48 :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर एयरपोर्ट के नए अत्याधुनिक टर्मिनल का उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री ने नए टर्मिनल का निरीक्षण किया और यात्रियों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय हवाई संपर्क को बढ़ावा देने वाली उड़ान… pic.twitter.com/TTa1iVjBvg
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
जोधपुर एयरपोर्ट को मिला नया हाईटेक टर्मिनल
करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रियों के लिए विकसित आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत बनाने वाली उड़ान (UDAN) योजना पर आधारित प्रदर्शनी भी देखी। नए टर्मिनल के शुरू होने से जोधपुर एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता लगभग 20 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है, जिससे पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।
UDAN 2.0 से छोटे शहरों को मिलेगी नई उड़ान
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने बताया कि UDAN 2.0 के तहत देशभर में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराना है, जिससे दूर-दराज के क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
T 63 :- 3 हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ पचपदरा पहुंचे PM नरेंद्र मोदी, कुछ ही देर में जनसभा को करेंगे संबोधित... pic.twitter.com/RBHYtJDqYw
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
तीन हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ पचपदरा पहुंचे प्रधानमंत्री
जोधपुर कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन हेलीकॉप्टरों के काफिले के साथ पचपदरा पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने रिफाइनरी परिसर में पौधारोपण किया और एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का औपचारिक लोकार्पण किया।
53 हजार युवाओं को सौंपे गए नियुक्ति पत्र
लोकार्पण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न विभागों में चयनित 53 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपे। राज्य सरकार ने इसे युवाओं के लिए रोजगार और अवसरों की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
जनसभा से पहले पूरे क्षेत्र में दिखा उत्साह
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पचपदरा और बालोतरा क्षेत्र में सुबह से उत्साह का माहौल रहा। प्रमुख मार्गों पर प्रधानमंत्री के स्वागत में बड़े-बड़े होर्डिंग और कटआउट लगाए गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली निकाली, जबकि कई ग्रामीण पारंपरिक वेशभूषा और ऊंटगाड़ियों के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
T 69 :- पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री @BhajanlalBjp ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया। pic.twitter.com/O95Q1fgs1k
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए पचपदरा रिफाइनरी परिसर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए। आम लोगों को केवल गेट नंबर-7 से प्रवेश दिया गया। वैध पासधारकों की ही एंट्री हुई और प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच के बाद ही परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई। सुरक्षा कारणों से पानी की बोतल सहित कई वस्तुओं को अंदर ले जाने पर रोक रही।
T 66:- पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन समारोह के लाइव प्रसारण में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे भी शामिल हुईं। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए, जिससे रोजगार और विकास को नई गति मिलने का संदेश दिया गया। pic.twitter.com/83yqGX5uKx
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
पश्चिमी राजस्थान के विकास की नई उम्मीद
उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के विकास की नई आधारशिला है। उनके अनुसार इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। शुरुआती चरण में राजस्थान को करीब 9,000 करोड़ रुपये और देश को लगभग 14,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लाभ मिलने का अनुमान है।
T 64 :- The Khatak Exclusive | हेलिपैड से गाड़ियों के काफिले के साथ सभा स्थल पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी... pic.twitter.com/iTrxMNZlwH
— Ashok Shera (@ashokshera94) July 4, 2026
औद्योगिक विकास की नई दिशा
देश की सबसे आधुनिक रिफाइनरियों में शामिल एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी से बीएस-6 मानकों का ईंधन, पेट्रोकेमिकल उत्पाद और कई मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार होंगे। इससे बाड़मेर, बालोतरा, जोधपुर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान में उद्योग, निवेश, रोजगार और आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। 4 जुलाई 2026 को हुए इन दोनों बड़े उद्घाटनों ने राजस्थान को ऊर्जा और कनेक्टिविटी—दोनों क्षेत्रों में नई पहचान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
खामेनेई को अंतिम विदाई, बेटे मुजतबा की गैरमौजूदगी चर्चा में; 100 से ज्यादा देशों की मौजूदगी
ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की अंतिम विदाई की रस्में शनिवार को तेहरान में शुरू हो गईं। राजधानी के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला में सुबह से ही हजारों लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। श्रद्धांजलि समारोह में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान समेत देश की शीर्ष राजनीतिक और धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं, जबकि सुरक्षा कारणों के चलते खामेनेई के बेटे मुजतबा खामेनेई कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
ईरानी मीडिया के मुताबिक, अंतिम संस्कार समारोह में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल शामिल हुए हैं। पाकिस्तान, इराक, आर्मेनिया, ताजिकिस्तान और जॉर्जिया जैसे देशों के शीर्ष नेता तेहरान पहुंचे हैं। वहीं भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने आधिकारिक रूप से श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि रूस, चीन, भारत और तुर्किये ने अपने शीर्ष नेताओं की बजाय निचले स्तर के प्रतिनिधियों को भेजा है।
ग्रैंड मोसल्ला में श्रद्धांजलि समारोह के दौरान बड़ी संख्या में लोग काले कपड़े पहनकर पहुंचे। कई श्रद्धालु हाथों में लाल झंडे और खामेनेई की तस्वीरें लिए नजर आए, जबकि शिया परंपरा के अनुसार मातम भी मनाया गया। कुछ लोगों ने 'अमेरिका मुर्दाबाद' और 'बदला' जैसे नारे भी लगाए।
ईरान सरकार ने अंतिम संस्कार को लेकर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था की है। तेहरान की प्रमुख सड़कों, सरकारी इमारतों और आयोजन स्थल पर सेना एवं पुलिस की भारी तैनाती की गई है। अंतिम दर्शन के लिए मेट्रो और सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, जबकि दूसरे शहरों से आने वाले लोगों के लिए विशेष ट्रेनों और ठहरने की व्यवस्था भी की गई है।
लाइव अपडेट्स के अनुसार, खामेनेई की अंतिम यात्रा तेहरान से शुरू होकर कोम, नजफ और कर्बला होते हुए 9 जुलाई को मशहद पहुंचेगी, जहां इमाम रजा की दरगाह के पास उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। ईरानी मीडिया का दावा है कि यह खामेनेई की अंतिम इच्छा थी।
PM Modi Jodhpur Live: जोधपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नए एयरपोर्ट टर्मिनल का उद्घाटन और उड़ान 2.0 की शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत जोधपुर पहुंच गए। वायुसेना स्टेशन पर राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु सहित कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
जोधपुर पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने संशोधित उड़ान (UDAN) योजना के दूसरे चरण की भी शुरुआत की। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करना और छोटे शहरों को बेहतर एयर कनेक्टिविटी से जोड़ना है।
करीब 37 एकड़ क्षेत्र में विकसित नया टर्मिनल आधुनिक सुविधाओं से लैस है। इसमें 6 एयरोब्रिज, 3 कन्वेयर बेल्ट, 5 लिफ्ट और एस्केलेटर, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, वीआईपी और एग्जीक्यूटिव लाउंज जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह टर्मिनल मौजूदा भवन से लगभग छह गुना बड़ा है और इसकी यात्री क्षमता भी कई गुना बढ़ गई है। भवन के भीतर राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने वाली कलाकृतियां और वीर दुर्गादास राठौड़ तथा अमृता देवी जैसे महान व्यक्तित्वों की झलक भी देखने को मिलती है।
एयरपोर्ट कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी बालोतरा जिले के पचपदरा के लिए रवाना होंगे। वहां वे लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी राष्ट्र को समर्पित करने के साथ प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
रिफाइनरी उद्घाटन से पहले कांग्रेस का हमला, क्रेडिट की राजनीति और स्थानीय रोजगार पर घेरा सरकार
राजस्थान के औद्योगिक इतिहास का सबसे बड़ा दिन, PM मोदी आज राष्ट्र को समर्पित करेंगे 79,459 करोड़ की पचपदरा रिफाइनरी
इतिहास रचेगा पचपदरा, राजस्थान के औद्योगिक विकास को मिलेगी नई उड़ान
पचपदरा रिफाइनरी का लोकार्पण राजस्थान के औद्योगिक इतिहास का सबसे बड़ा पड़ाव माना जा रहा है। करीब 79,459 करोड़ रुपये की इस मेगा परियोजना से प्रदेश ऊर्जा, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की ओर बढ़ेगा।
वर्षों की मेहनत के बाद तैयार हुआ मेगा प्रोजेक्ट
करीब एक दशक की योजना, निर्माण और हजारों इंजीनियरों, तकनीशियनों व श्रमिकों की मेहनत के बाद यह रिफाइनरी तैयार हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसके राष्ट्र को समर्पण के साथ इसे औपचारिक रूप से देश की सेवा में सौंपेंगे।
बाड़मेर का कच्चा तेल अब राजस्थान में ही होगा रिफाइन
अब तक बाड़मेर के तेल क्षेत्रों से निकलने वाला कच्चा तेल रिफाइनिंग के लिए दूसरे राज्यों में भेजा जाता था। रिफाइनरी शुरू होने के बाद पेट्रोल, डीजल और अन्य पेट्रोकेमिकल उत्पादों का निर्माण प्रदेश में ही होगा, जिससे स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव होगा।
रोजगार और निवेश को मिलेगी नई रफ्तार
रिफाइनरी के संचालन से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। इसके साथ ही परिवहन, लॉजिस्टिक्स, होटल, निर्माण और सेवा क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर निवेश बढ़ने की उम्मीद है।
पेट्रोकेमिकल उद्योगों के लिए बनेगा नया केंद्र
पॉलीप्रोपाइलीन, पॉलीइथिलीन, बेंजीन और अन्य पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उत्पादन से प्लास्टिक, पैकेजिंग, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और मेडिकल उपकरण उद्योगों को बड़ा लाभ मिलेगा। इससे पश्चिमी राजस्थान में नए औद्योगिक क्लस्टर विकसित होने की संभावना है।
ग्रामीणों में उत्साह, अलग-अलग अंदाज में पहुंच रहे कार्यक्रम स्थल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में खासा उत्साह है। विशाला सहित कई गांवों से लोग पचपदरा के लिए रवाना हुए हैं। कई बुजुर्गों ने बताया कि वे 2018 में शिलान्यास कार्यक्रम में भी शामिल हुए थे और अब लोकार्पण के भी साक्षी बनेंगे।
साइकिल और ऊंटगाड़ियों से भी पहुंचे लोग
भारतीय जनता युवा मोर्चा के आह्वान पर करीब 500 युवा कार्यकर्ता साइकिल यात्रा के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पहुंच रहे हैं। वहीं कई ग्रामीण पारंपरिक ऊंटगाड़ियों में सवार होकर भी पचपदरा पहुंच रहे हैं, जिससे कार्यक्रम में राजस्थान की सांस्कृतिक झलक भी देखने को मिलेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद
प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन व्यवस्थाओं के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित हुआ नया औद्योगिक शहर
रिफाइनरी के साथ 247 एकड़ में आधुनिक टाउनशिप विकसित की गई है। यहां आवासीय परिसर, सीबीएसई स्कूल, मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल, क्लब हाउस, खेल परिसर, सोलर सिस्टम और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
राजस्थान की अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
विशेषज्ञों का मानना है कि पचपदरा रिफाइनरी आने वाले वर्षों में राजस्थान के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा, निर्यात और निवेश को नई दिशा देगी। यह परियोजना पश्चिमी राजस्थान की आर्थिक तस्वीर बदलने के साथ प्रदेश की विकास यात्रा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
Iran-US Conflict: सीजफायर के बाद फिर भड़की जंग, अमेरिका ने ईरान पर किए हवाई हमले... मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव
मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने शुक्रवार को ईरान के खिलाफ करीब एक घंटे तक सैन्य कार्रवाई करते हुए मिसाइल-ड्रोन ठिकानों और तटीय रडार साइट्स पर हवाई हमले किए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान ने युद्धविराम (सीजफायर) का उल्लंघन किया था, जिसके जवाब में यह कार्रवाई की गई।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, 25 जून को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में सिंगापुर के मालवाहक जहाज MV Ever Lovely पर ड्रोन हमला किया था। इसी घटना को अमेरिकी कार्रवाई का प्रमुख कारण बताया गया है।
ईरान का पलटवार का दावा
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के मुताबिक, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने जवाबी कार्रवाई में क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है।
ईरानी सांसद इब्राहिम अजीजी ने अमेरिका पर बातचीत के दौरान हमला करने का आरोप लगाते हुए कहा कि युद्धविराम का उल्लंघन अमेरिका के लिए भविष्य में भारी पड़ेगा।
NATO देशों पर भी साधा निशाना
ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका और इजराइल की सैन्य कार्रवाई में सहयोग करने वाले NATO सदस्य देशों को भी जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इन देशों को स्पष्ट करना चाहिए कि उन्होंने इस अभियान का समर्थन क्यों किया।
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ा समुद्री संकट
होर्मुज स्ट्रेट के पास एक मालवाहक जहाज पर हुए हमले के बाद वैश्विक समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। हमले में जहाज के ब्रिज को नुकसान पहुंचा, हालांकि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद समुद्री यातायात और ऊर्जा आपूर्ति पर असर की आशंका जताई जा रही है।
इजराइल-लेबनान के बीच 14 सूत्रीय समझौता
तनाव के बीच अमेरिका की मध्यस्थता में इजराइल और लेबनान के बीच 14 बिंदुओं पर आधारित एक समझौता हुआ है। प्रस्ताव के अनुसार लेबनानी सेना पूरे देश में सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेगी, जबकि हिजबुल्लाह जैसे सशस्त्र समूहों को हथियार छोड़ने होंगे। इसके बाद इजराइली सेना चरणबद्ध तरीके से कब्जे वाले इलाकों से पीछे हटेगी।
हालांकि समझौते के विरोध में बेरूत में हिजबुल्लाह समर्थकों ने प्रदर्शन भी किया और कई स्थानों पर विरोध मार्च निकाला।
परमाणु कार्यक्रम पर फिर बढ़ी हलचल
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने संकेत दिया है कि उसकी टीम जल्द ही ईरान के परमाणु ठिकानों का निरीक्षण करेगी। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच तकनीकी स्तर की वार्ता भी पूरी हो चुकी है। दोनों देशों ने चार संयुक्त समितियां बनाकर 60 दिनों के भीतर अंतिम समझौते का रोडमैप तैयार करने पर सहमति जताई है।
तेल बाजार पर भी दिखा असर
होर्मुज स्ट्रेट में बढ़ते तनाव का असर वैश्विक ऊर्जा बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। वहीं खाड़ी क्षेत्र में LNG टैंकरों के रास्ते बदलने की खबरों ने समुद्री व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।
हालात पर दुनिया की नजर
अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, इजराइल-लेबनान समझौते, परमाणु वार्ता और खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात को देखते हुए पूरी दुनिया की नजर मध्य पूर्व के घटनाक्रम पर बनी हुई है। आने वाले दिनों में दोनों देशों की अगली रणनीति और कूटनीतिक वार्ताएं क्षेत्र की स्थिरता के लिए अहम साबित हो सकती हैं।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद: रोहिणी आचार्य का BJP पर हमला, बोलीं- बड़े लोगों को बचाने के लिए FIR सिर्फ 'आई-वॉश'
अयोध्या के राम मंदिर में चंदा और चढ़ावा में कथित हेराफेरी के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार और मंदिर प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि पुलिस की कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित है, जबकि मंदिर प्रबंधन के शीर्ष पदाधिकारियों को जांच के दायरे से बाहर रखा गया है।
'प्रभु श्रीराम के नाम पर लूट मचाने वालों को मिली खुली छूट'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में FIR दर्ज होना पर्याप्त नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों पर मंदिर के संपूर्ण प्रबंधन की जिम्मेदारी थी, उनके नाम FIR में क्यों शामिल नहीं किए गए।
उन्होंने इसे जनता की आंखों में धूल झोंकने वाली कार्रवाई बताते हुए कहा कि यह पूरी प्रक्रिया महज एक 'आई-वॉश' नजर आती है।
प्रभु श्रीराम के नाम पर लूट मचाने वाले बड़े लूटेरों को दे दी गयी छूट ?
— Rohini Acharya (@RohiniAcharya2) June 26, 2026
हैरानी की बात है राम मंदिर , अयोध्या के चढ़ावा चोरी मामले में एफआईआर तो दर्ज की गयी , मगर बड़े नामों, जिन पर मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी है , उनका नाम एफआईआर में नहीं डाला गया , क्या जाँच व् न्याय की… pic.twitter.com/yZb6jw5Vgl
चंपत राय और ट्रस्ट प्रबंधन पर उठाए सवाल
रोहिणी आचार्य ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अन्य वरिष्ठ ट्रस्ट पदाधिकारियों का नाम लेते हुए पूछा कि यदि मंदिर प्रबंधन की जिम्मेदारी शीर्ष स्तर पर थी, तो कानूनी जवाबदेही भी वहीं से तय क्यों नहीं की जा रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि FIR में केवल दानपात्र कक्ष के कर्मचारियों और निचले स्तर के लोगों को शामिल किया गया है, जबकि बड़े पदाधिकारियों को जांच से बाहर रखा गया है।
'जिम्मेदारी शीर्ष पर है तो जवाबदेही भी वहीं तय हो'
रोहिणी आचार्य ने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि मंदिर के संचालन और वित्तीय व्यवस्था की जिम्मेदारी शीर्ष प्रबंधन के पास थी, तो जांच की शुरुआत भी वहीं से होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देशभर के श्रद्धालुओं के मन में यही सवाल है कि आखिर शीर्ष पदाधिकारियों की भूमिका की जांच क्यों नहीं हो रही।
BJP सरकार पर लगाए लीपापोती के आरोप
रोहिणी आचार्य ने भाजपा सरकार पर मामले को दबाने और लीपापोती करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति का नाम FIR में शामिल नहीं होना, उसे स्वतः निर्दोष साबित नहीं करता।
उनका कहना था कि समय आने पर पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और यदि किसी की भूमिका पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल इस मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि FIR के आधार पर आगे की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।