"चमड़ी की जूती भी बना लूं तो..." भरे मंच पर ऐसा क्या हुआ कि फूट-फूटकर रो पड़े पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी?
राजस्थान के बालोतरा में स्वर्गीय गोरधनराम विश्नोई की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कांग्रेस नेता व पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने मंच से 36 कौम और अपने साथी का कर्ज न चुका पाने की बात कहते हुए जनता से माफी भी मांगी।
राजस्थान के बालोतरा जिले से एक बेहद भावुक कर देने वाला वाकया सामने आया है। यहां धोरीमन्ना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हेमाराम चौधरी मंच पर ही फूट-फूटकर रो पड़े। मौका था कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय गोरधनराम विश्नोई की प्रतिमा के अनावरण का। अपने पुराने साथी को याद करते हुए हेमाराम चौधरी खुद पर काबू नहीं रख सके और उनके आंसू छलक पड़े। उन्हें रोता देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
'चमड़ी की जूती बना लूं तो भी कर्ज नहीं उतरेगा'
धोरीमन्ना स्थित अणदाणियों की ढाणी में प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम चल रहा था। जब हेमाराम चौधरी को भाषण के लिए बुलाया गया, तो शुरुआत में उन्होंने कहा कि पूर्व वक्ताओं ने गोरधनराम जी के बारे में काफी कुछ बता दिया है। लेकिन इसके बाद जैसे ही उन्होंने स्वर्गीय विश्नोई के साथ अपने व्यक्तिगत रिश्तों और उनके योगदान का जिक्र छेड़ा, उनका गला रुंध गया।