बीजेपी में पार्षद टिकट की मची होड़, 1000 महिलाओं ने पेश की दमदार दावेदारी
राजस्थान निकाय चुनाव 2026 को लेकर जयपुर में पार्षद टिकट के लिए सियासी दौड़ तेज हो गई है। बीजेपी में 150 वार्डों के लिए 2500 से ज्यादा आवेदन आए हैं, जिनमें 1000 महिलाएं शामिल हैं। जानें चुनाव की पूरी जानकारी।
राजस्थान में निकाय चुनावों का काउंटडाउन शुरू होते ही राजधानी जयपुर में सियासी हलचल तेज हो गई है। चुनावी तारीखों के औपचारिक ऐलान से पहले ही राजनीतिक दलों के दफ्तरों में टिकट के दावेदारों की भारी भीड़ जुटने लगी है। सबसे ज्यादा गहमागहमी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खेमे में देखी जा रही है, जहां पार्षद की कुर्सी के लिए दावेदारों के बीच होड़ मची हुई है।
महिलाओं ने दिखाया दम, पार्टी के लिए बढ़ा मंथन
जयपुर शहर भाजपा अध्यक्ष अमित गोयल के अनुसार, पार्टी के पास अब तक 2500 से ज्यादा बायोडाटा आ चुके हैं। इनमें सबसे खास बात यह है कि करीब 1000 आवेदन सिर्फ महिलाओं के हैं।
इस बार एकीकृत जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों में से 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। लेकिन महिला दावेदारों ने सिर्फ आरक्षित सीटों पर ही नहीं, बल्कि सामान्य (ओपन) वार्डों से भी बड़ी संख्या में अपनी दावेदारी पेश की है। महिलाओं के इस जबरदस्त उत्साह को देखते हुए टिकट वितरण के दौरान पार्टी आलाकमान को खासी माथापच्ची करनी पड़ सकती है।